आगरालीक्स…आनलाइन रेल टिकट बुक कर रहे हैं तो जरूर करें 35 पैसे का इंश्यारेंस. इसके इग्नोर बिल्कुल न करें. 35 पैसे से 10 लाख तक का मिलता है बीमा…
ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. हादसे में 300 के करीब लोगों की मौत हो गई जबकि 1000 से अधिक यात्री बुरी तरह से घायल हो गए. आज हम ऐसी जानकारी दे रहे हैं जो कि अक्सर लोग आनलाइन ट्रेन की टिकट बुक करते हुए उस पर ध्यान नहीं देते. ये है 35 पैसे के इंश्योरेंस की. आनलाइन टिकट बुक कराने पर आईआरसीटीसी इंश्योरेंस की सुविधा देती है. जिन यात्रियों का ट्रेन ट्रैवल इंश्योरेंस है उनको रेलवे की बजाय बीमा कंपनियां आर्थिक मदद यानी इंश्योरेंस देती हैं.

आनलाइन टिकट बुक करते समय इंश्योरेंस की यह सुविधा वैकल्पिक होती है. यानी आप चाहें तो ट्रैवल इंश्योरेंस ले सकते हैं, लेकिन अधिकतर यात्री ट्रेन बुक करते समय इस सुविधा पर ध्यान नहीं देते और इसे इग्नोर कर देते हैं. जबकि यह ट्रैवल इंश्योरेंस सिर्फ 35 पैसे का है.
दुर्भाग्यवश अगर कोई हादसे का शिकार हो जाता है तो इंश्योरेंस क्लेम के रूप में पैसेंजर की मौत और स्थाई रूप से अपंग होने पर 10 लाख रुपये, आंशिक रूप से विकलांग होने पर 7.50 लाख और घायल होने पर अस्पताल में इलाज के लिए दो लाख रुपये मिलते हैं. आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक ट्रेन हादसे को रेलवे अधिनियम 1989 की धारा 123, 124 और 124ए के तहत रखा गया है.
ऐसे पाएं ट्रेन ट्रैवल इंश्योरेंस
आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर आप आनलाइन रेलवे टिकट बुक करते हैं तो टिकट बुकिंग के दौरान ट्रैवल इंश्योरेंस लेने का विकल्प मिलता है. इसकी कीमत सिर्फ 35 पैसे की होती है. अगर आप इस विकल्प को चुनते हैं तो आपको यात्रा के दौरान 10 लाख रुपये तक की बीमा सुरक्षा मिलती है.