आगरालीक्स…आगरा अब दिल्ली—मुंबई जैसा शहर बन रहा है. मेट्रो और जी20 इसका उदाहरण. आगरा में डिप्टी सीएम ने कहा व्यापारियों की सुरक्षा के साथ 25 करोड़ जनता का सुरक्षा कवच है प्रदेश सरकार
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज आरबीएस आडिटोरियम में व्यापारी सम्मेलन को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि आगरा ऐतिहासिक नगरी है, व्यापारियों को नमन अभिनंदन करता हूं, संपूर्ण व्यापारी भाजपा कार्यकर्ता की तरह हैं, जिन्होंने सदैव कमल खिलाया और भारतीय जनता पार्टी का मस्तक ऊंचा किया. आगरा में तो आपने लोकसभा, विधान सभा, नगर निगम में आपने भारतीय जनता पार्टी को जिताया, हमारी सरकार आपकी हर समस्या के समाधान के लिए आपके साथ है। व्यापारियों की सुरक्षा के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा के साथ साथ यूपी की 25 करोड़ जनता का सुरक्षा कवच भाजपा की सरकार है।
डबल इंजन की सरकार के समन्वय के साथ विकास के कार्यक्रमों को प्रभावी रूप आगे बढ़ाने का कार्य किया जिससे आज मा. प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है, दुनियां प्रणाम कर रही है, भारत को विश्व गुरु मान रही है,ये भारत सरकार, और मोदी जी के गौरवपूर्ण नेतृत्व का कमाल है कि रूस यूक्रेन युद्ध के बीच भारत का तिरंगा दिखाकर हम सभी को सुरक्षित लाए। आज सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका प्रधानमंत्री मोदी का ऑटोग्राफ मांग रहा है इसमें प्रधानमंत्री का ही नहीं भारत और हम सब का सम्मान है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डबल इंजन की सरकार मतलब डबल रफ्तार से विकास, अगर मोदी प्रधानमंत्री बने तो चमकता दमकता आगरा बना, विकास के नए कीर्तिमान बने मेट्रो का कार्य हुआ, अगर मोदी प्रधान मंत्री बने हैं तो भारत को जी 20 की अध्यक्षता मिली और आगरा को भी मेजबानी का मौका मिला. आगरा दिल्ली, मुंबई जैसा विश्व स्तर का शहर बन रहा है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि आगरा के पर्यटन उद्योग की बात करते हुए इंगित किया कि जो कोई भी बृंदावन बिहारी जी के दर्शन करने आता है उसका ठिकाना आगरा होता है, यहां पर्यटन बढ़ा है तो रोजगार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक भारत श्रेष्ठ भारत की तरह एक देश एक टैक्स,तथा एक माला में पिरोया है, जीएसटी लागू होने से अब टैक्स वाले अधिकारी परेशान नहीं करते, जीएसटी से टैक्स में ईमानदारी आई है, ईमानदार व्यापारी टैक्स की चोरी नहीं करता, उन्होंने व्यापारियों को जागरूक करते हुए कहा कि एक देश विरोधी गैंग फर्जी आधार से जीएसटी रजिस्ट्रेशन कर के टैक्स चोरी कर रहा ऐसे लोगों पर सरकार कार्यवाही कर रही है। ईमानदार व्यापारी को उससे नहीं डरना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में संपन्न नगरीय निकाय चुनाव में मिली भारतीय जनता पार्टी की जीत को बताते हुए कहा कि प्रयागराज में 110 पार्षदों में 56 जीते तो वहां 56 इंच का सीना हुआ, आगरा में 100 में 58 पार्षद भाजपा के हैं यहां तो बड़ा सीना हुआ। उपमुख्यमंत्री द्वारा बताया गया कि आगरा सबसे अच्छी रोड़ कनेक्टिविटी से जुड़ा है, रेल कनेक्टिविटी भी है अब आगरा एयर कनेक्टिविटी में भी नंबर वन होगा, जल्द ही जेवर एयरपोर्ट भी बन कर तैयार होगा। आगरा में पेयजल की समस्या थी उस पर तेजी से कार्य हो रहा, शहर को गंगाजल मिला, टीटीजेड की समस्या हेतु उपमुख्यमंत्री द्वारा भरोसा दिलाया गया कि सरकार उसके लिए प्रभावी पैरवी करेगी, विकास को रुकने नही दिया जाएगा। उन्होंने रोजगार की बात करते हुए कहा कि देश में 4 करोड़ आवास, बने इन्हें बनाने में सामग्री व्यापारियों से ही ली जिससे व्यापार बढ़ा।
उपमुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों की बात करते हुए कहा कि जब भी जांच एजेंसी जांच करने जाती हैं तो विपक्ष विरोध करता है जबकि जांच में कोठरी भर भर कर पैसा जांच में निकलता है यह सब भ्रष्टाचार करके जमा किया है। 2024 के चुनावों के लिए पूरा विपक्ष एक हो रहा कि मोदी को प्रधानमंत्री नहीं बनने देंगे। ये मुंगेरी लाल के हसीन सपने हैं। सांसद भवन के उदघाटन पर राष्ट्रपति को न बुलाने पर विपक्षी आरोप पर उन्होंने कहा कि यही सब दल राष्ट्रपति के चुनाव में एक होकर हराने का प्रयास कर रहे थे, इन्हें राष्ट्रपति के सम्मान का नही, प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता हजम नहीं हो रही।