आगरालीक्स…आगरा के डॉ. श्वेतांक प्रकाश अमेरिका के व्हाइट हाउस से सम्मानित हुए. चिकित्सा सेवा में इनके श्रेष्ठ योगदान को सराहा
आगरा के शांतिवेद इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेस के डायरेक्टर और एडवांस्ड लेप्रोस्कोपी सर्जन डॉ. श्वेतांक प्रकाश ने एक उल्लेखनीय अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। हाल ही में उन्हें अमेरिका के व्हाइट हाउस मेडिकल यूनिट द्वारा औपचारिक सम्मान प्रदान किया गया है। यह सम्मान संयुक्त राज्य अमेरिका के उपराष्ट्रपति कार्यालय के मिशन में उत्कृष्ट सहयोग और चिकित्सा सेवा में श्रेष्ठ योगदान के लिए दिया गया है।व्हाइट हाउस मेडिकल यूनिट के निदेशक द्वारा हस्ताक्षरित यह प्रशस्ति-पत्र डॉ. श्वेतांक प्रकाश की वर्षों की मेहनत, समर्पण, वैश्विक स्तर पर चिकित्सा मानकों के प्रति प्रतिबद्धता और अद्वितीय विशेषज्ञता का प्रतीक है।
डॉ. श्वेतांक प्रकाश ने कहा कि यह सम्मान न केवल उनके लिए, बल्कि भारत और आगरा की चिकित्सा समुदाय के लिए भी गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा टीमों के साथ काम करना अत्यंत प्रेरणादायक अनुभव रहा है, जो आगे भी उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित करता है। उनकी इस उपलब्धि पर आगरा सहित पूरे प्रदेश के चिकित्सकों, संस्थानों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने उन्हें बधाई दी है। चिकित्सा जगत ने इसे भारत की बढ़ती वैश्विक साख और उच्च स्तर की चिकित्सा सेवाओं का प्रमाण बताया है।
डॉ. श्वेतांक प्रकाश ने सभी शुभचिंतकों, सहकर्मियों और मार्गदर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग, नवाचार और उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।