आगरालीक्स… आगरा में बिजली विभाग के दो जूनियर इंजीनियरों को एमडी ने रिश्वत लेने के आरोप में कराया अरेस्ट, दो दरोगा और एक हेड कांस्टेबल सहित पांच पर मुकदमा।
आगरा के इरादतनगर के रहने वाले मनोज त्यागी ने अपना नया घर बनवाया था, बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया। कनेक्शन न मिलने पर टयूबेल के बिजली कनेक्शन से घर की बिजली जला रहे थे, मंगलवार को डीवीवीएनएल के जेई सौरभ और ह्रदय कुमार विजिलेंस टीम ने दो दरोगा और एक हेड कांस्टेबल को साथ लेकर मनोज त्यागी के घर पर छापा मारा। बिजली चोरी में रिपोर्ट दर्ज करने की धमकी दी, रिपोर्ट दर्ज न हो, इसके लिए सौदेबाजी की गई और 80 हजार रुपये मांगे।
शाहजहां गार्डन में बुलाकर लिए 35 हजार रुपये
आरोप है कि मनोज त्यागी को दोनों जेई ने शाहजहां गार्डन में बुलाया, यहां उनसे 35 हजार रुपये लिए। पैसे लेने के बाद दोनों जेई कमला नगर स्थित बिजली विभाग के विजिलेंस कार्यालय पहुंच गए और मनोज त्यागी एमडी कार्यालय आ गया उसने एमडी अमित किशोर से शिकायत की।
टीम भेजकर जांच कराई, अरेस्ट कराया
डीवीवीएनएल के एमडी अमित किशोर ने एक टीम विजिलेंस कार्यालय कमला नगर भेजी। यहां दोनों जेई की तलाशी ली गई तो रिश्वत के 35 हजार रुपये मिल गए, बिजली चोरी का वीडियो भी मिल गया। बिजली चोरी पकड़े जाने के 24 घंटे बाद भी पोर्टल पर दर्ज न करने और बिजली चोरी करने वाले पर मुकदमा दर्ज न कराने के सवाल पर दोनों जेई कोई जवाब नहीं दे सके। दोनों जेई के साथ ही विजिलेंस टीम के दो दरोगा और एक हेड कांस्टेबल सहित पांच के खिलाफ थाना कमला नगर में मुकदमा दर्ज कराने के बाद दोनों जेई को अरेस्ट करा दिया गया।