आगरालीक्स…आगरा में बड़े भाई की डंडों और लात घूसों से पीट—पीट कर दी हत्या. चौखट पर बैठकर रोती रही मां….
आगरा के टीला माईथान में छोटे भाई ने बड़े भाई की डंडों और लात घूसों से पीट पीट कर हत्या कर दी. मोबाइल का पासवर्ड न बताने पर छोटे भाई को गुस्सा आ गया था और उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. घटना से क्षेत्र में सनसनी मच गई.टीला माईथान में पूनम शर्मा रहती हैं. इनके पति ओमप्रकाश की 2024 में मृत्यु हो चुकी है. पूनम शर्मा बाग मुजफ्फर खां में एक निजी अस्पताल में नर्स हैं. इनके तीन बेटे हैं. बड़ा बेटा गौरव ड्राइवर है. बीच का बेटा सौरभ मुंबई में फिल्में में कैमरामैन है तो सबसे छोटा बेटा आकाश भी मुंबई में कैमरामैन और असिस्टेंट डायरेक्टर का काम करता था. सात महीने पहले ही आकाश मुंबई से आगरा आया था और प्राइवेट फोटोग्राफी का काम कर रहा था.
शुक्रवार रात को आकाश ने बड़े भाई गौरव का मोबाइल लिया और उसका पासवर्ड पूछने लगा. गौरव ने पासवर्ड बताने से मना कर दिया जिससे दोनों में बहस हो गई. इसके बाद आकाश ने गुस्से में दोनों मोबाइल तोड़ दिए और घर में एलईटी और अन्य सामान भी तोड़ डाला. जब गौरव ने इसका विरोध किया तो उस पर डंडे और लात घूंसे से बुरी तरह से हमला कर दिया. पिटाई से गौरव बेहोश हो गया लेकिन आकाश फिर भी उसे मारता रहा. लोगों ने हंगामे की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आकाश को हिरासत में ले लिया. गौरव को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोशित कर दिया गया.
चौखट पर रोती रही मांगौरव की मां पूनम दरवाजे पर बैठकर रोती रही. उन्होंने कहा कि दोनों भाई एक दूसरे से मिलकर रहते थे. होली पर गौरव का एक्सीडेंट हुआ था तो आकाश ही उसका इलाज करवा कर लाया था. रात को अचानक उसे पता नहीं क्या हो गया. उसके गुस्से ने उनकी दुनिया उजड़ गई है. पूनम ने बताया कि आकाश कुछ दिनों से गलत संगत में आ गया था और वह नशा करने लगा था.