आगरालीक्स….आगरा में लोगों को भीषण गर्मी में लग रहा ‘बिजली के बिल’ का करंट. तीन गुना तक बढ़ गया बिल…फुल टाइम चल रहे एसी—कूलर
आगरा में भीषण गर्मी के कारण लोग परेशान हैं. तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के करीब तक पहुंच गया है. ऐसे में गर्मी से बचने के लिए लोग कूलर और एसी का सहारा ले रहे हैं. गर्मी का आलम ये है कि लोगों को पूरा समय कूलर और एसी चलाना पड़ रहा है. इसके बाद ही लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है, लेकिन अब लोगों को इस गर्मी में ‘बिजली के बिल’ का करंट लगना भी शुरू हो गया है. गर्मी में लोगों के घरों व आफिसों का बिल दोगुना से तीन गुना तक बढ़ गया है.

बिजली की खपत बढ़ी
भीषण गर्मी के कारण घरों व आफिसों में बिजली की खपत बढ़ गई है. घरों के अंदर 24 घंटों में से 18—18 घंटे तक कूलर चल रहे हैं. इसके अलावा पूरी रात एसी और दिन में पूरा टाइम एसी चल रहा है. इसके कारण बिजली की खपत बढ़ गई है. ठंडा पानी का आरओ सिस्टम भी लोगों के यहां चल रहा है जिससे भी बिजली की खपत बढ़ी है. इसके अलावा गर्मी में अधिकतर लोग दो टाइम नहा रहे हैं. इसके कारण पानी भी ज्यादा खर्च हो रहा है. ऐसे में पानी के लिए लगी विद्युत मोटर भी सुबह—शाम चल रही है.
जानिए क्या कहते हैं लोग
लॉयर्स कॉलोनी की रहने वाली पूजा गुप्ता का कहना है कि मई में हमारे घर का बिल 4000 रुपये के आसपास आया है. ये एक महीने का बिल है. फरवरी में यही बिल 1200 के आसपास आता था जो कि मार्च में 1800 और अप्रैल में तीन हजार रुपये तक हुआ लेकिन इस बार बिल 4000 के आसपास आया है.
सदर के आशीष वर्मा का कहना है कि भीषण गर्मी से बचना है तो बिजली तो खर्च होगी ही. क्या करें—गर्मी इतनी अधिक है कि बिना कूलर और एसी के रहा ही नहीं जा रहा है. हमारे यहां दो कूलर लगे हुए हैं ओर दोनों ही कूलर लगभग हर समय चलते रहते हैं.