आगरालीक्स…आगरा में आम आदमी पार्टी ने चूल्हे पर बनाई रोटियां, सिलेंडर को पहनाई माला. कहा—यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में श्रीलंका जैसी होगी हालत….
घरेलू गैस सिलेंडर व कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को आगरा में प्रदर्शन किया. आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्पीड कलर लैब के सामने सिलेंडर को माला पहनाकर साइड में बिठा दिया और फिर चूल्हे पर रोटियां बनाईं. पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि सिलेंडर इतना महंगा हो गया है कि उसको खरीद पाना आम आदमी की जेब के लिए भारी पड़ता जा रहा है.

आगरा में आम आदमी पार्टी के नेता कपिल वाजपेयी ने कहा कि वर्तमान सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई बढ़ रही है. इसके कारण बेरोजगारी भी बढ़ी है. सरकार का ध्यान केवल उत्सव मनाने पर है. इसके लिए जमकर फिजूलखर्ची की जा रही है. महंगाई पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर ऐसे ही हाल रहे तो देश की हालत आने वाले दिनों में श्रीलंका जैसी होगी.
ये लोग रहे मौजूद
प्रदर्शन करने वालों में रामसेवक धाकरे, जेके गुप्ता, शैंकी शर्मा, विनोद राजौरा, डॉ. वीरेंद्र सिंह, अश्वनी शर्मा, सोनवीर सिंह, नीरज शर्मा, छोटे लाल शर्मा, हिरदेश शर्मा, शशांक तिवारी, योगेश कुमार, हिमांशु चौरसिया और बिट्टू पंडित आदि साथी मौजूद रहे.