आगरालीक्स…“लाल गोपाल गुलाल हमारी आंखों में डारो जू…” आगरा में बसंत रागों और रसिया पदों के संग श्री प्रेमनिधि मंदिर में झूम उठा फागोत्सव…
नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि मंदिर में फागोत्सव का आध्यात्मिक उल्लास चरम पर है। “खेलत वसंत वर्ग वर विट्ठलेश” और “लाल गोपाल गुलाल हमारी आंखों में डारो जू…” जैसे मधुर पदों की स्वर लहरियों के बीच ठाकुरजी के श्री चरणों में गुलाल अर्पित करते हुए भक्त भक्ति और प्रेम के रंग में सराबोर हो उठे। तानपुरे की झंकार, मृदंग की थाप और झांझ-मंजीरों की गूंज से मंदिर परिसर ब्रज की होली का सजीव स्वरूप बन गया।श्वेत वस्त्रों पर खिली टेसू की छटा
फाल्गुन मास की रंग भरनी एकादशी पर ठाकुर श्याम बिहारी जी को विशेष रूप से श्वेत वस्त्र धारण कराए गए। जब इन वस्त्रों पर अबीर, गुलाल और टेसू (पलाश) के प्राकृतिक रंगों की वर्षा हुई, तो दर्शन की छटा अद्भुत हो उठी। वातावरण में उड़ते रंगों और पुष्पों के मध्य ऐसा प्रतीत हुआ मानो स्वयं प्रभु भक्तों संग होली खेल रहे हों।
मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि जगद्गुरु वल्लभाचार्य द्वारा स्थापित पुष्टिमार्ग की परंपरा में होली केवल उत्सव नहीं, बल्कि माधुर्य भाव से की जाने वाली विशेष सेवा है। मंदिर में प्रतिदिन ठाकुरजी के श्री चरणों में गुलाल अर्पित कर भक्त अपने प्रेम और समर्पण की अभिव्यक्ति कर रहे हैं। सेवायत सुनीत गोस्वामी ने बताया कि रंग भरनी एकादशी के पावन अवसर पर मंदिर में फूलों की होली एवं राजसेवा का आयोजन किया गया। श्री ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी को गुलाल अर्पित कर भक्तों ने फूलों के मध्य उत्साहपूर्वक होली खेली।