आगरालीक्स…आगरा में फर्जी अग्निवीर जीआरपी ने पकड़ा. आर्मी की ड्रेस, फर्जी सर्टिफिकेट मिला. ट्रेन में सोते यात्रियों का सामान करता था चोरी
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह से जीआरपी आगरा ने एक फर्जी फौजी (अग्निवीर) को अरेस्ट किया है. जीआरपी ने इसके पास से फर्जी इंडियन आर्मी प्रमाण पत्र 2 अदद,आर्मी ड्रेस, जैकेट, पैंट, कैप, बेल्ट, जूते, बैग सहित पूरा फौजी समान के साथ 11 एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड,4 पैन कार्ड, 2 आधार कार्ड, 1 ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है.
पकड़े गए आरोपी का नाम राजन गुप्ता निवासी ग्राम जोरावर कल्यानपुर, अमेठी है. इसके पास से फर्जी विनायक नाम की नेम प्लेट व राजन गुप्ता के नाम से यूनिफार्म मिली है. आरोपी खुद को अग्निवीर सैनिक बताकर ट्रेनों व प्लेटफार्म पर घूमता था और फर्जी आईडी दिखाकर यात्रियों को गुमराह करता था. इसके बाद सोते हुए यात्रियों के बैग व कीमती सामान को चोरी किया करता था.
फर्जी अग्निवीर आगरा में किराए पर पिछले छह महीने से रह रहा था और मकान मालिक को खुद को लालकिला में ड्यूटी पर तैनात आर्मीकर्मी बताया. जीआरपी फर्जी अग्निवीर से अभी और पूछताछ कर रही है.