आगरालीक्स….नाश्ते को लेकर रूठे बाराती तो घरातियों ने कर दी मारपीट. मौका देखते ही दूल्हा हुआ गायब. बिना दुल्हन के लौटी बारात…
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में बिना दूल्हन के बारात लौटने का मामला सामने आया है. थाना जसराना में आई बारात के दौरान नाश्ते को लेकर बारातियों और घरातियों में मारपीट हो गई. मामला इतना बढ़ गया कि मौका मिलते ही दूल्हा वहां से गायब हो गया. थाने तक मामला पहुंचा जिसके बाद बाद में दोनों पक्षों ने शादी न करने का फैसला किया और फिर बारात बिना दुल्हन के लौट आई.

ये है पूरा मामला
मामला जसराना के एक गांव का है. यहां रहने वाली एक युवती की शादी मक्खनपुर के एक गांव में तय हुई थी. जसराना के मैरिज होम में रविवार को तय समय पर बारात पहुंची. बारातियां को जोरदार तरीके से स्वागत किया गया और फिर उन्हें नाश्ते के लिए बुलाया गया. इसी दौरान नाश्ते को लेकर रूठे बारातियों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया. इस पर घरातियों ने भी हंगामा कर दिया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी. सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और दो लोगों को पकड़कर थाने ले गई, लेकिन इसके बाद अचानक दूल्हा वहां से गायब हो गया.
दोनों पक्षों में इसके बाद पंचायत हुई. पंचायत में शादी न करने का फसला लिया गया जिसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई.