आगरालीक्स ….आगरा में कुत्तों को डंडे से पीटने, उन्हें खाना देने से रोकने पर रिटायर बुजुर्ग शिक्षका ने पति पत्नी के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा। पुलिस जांच में जुटी।

आगरा की राधाकुंज, शास्त्रीपुरम सिकंदरा स्थित कॉलोनी में 80 साल की रिटायर शिक्षका गायत्री शर्मा बहू और बेटे के साथ रहती हैं। उनके पड़ोस में ही राजकुमार तोमर पत्नी सहित परिवार के साथ रहते हैं। गायत्री शर्मा ने थाना सिकंदरा में दर्ज कराए मुकदमे में कहा है कि दो साल पहले सर्दियों के दिनों में कॉलोनी में पांच पिल्ले पैदा हुए। सर्दी में उन्होंने पिल्लों की देखभाल की, वे बड़े हुए तो उन्हें खाना देने लगी।
कुत्तों को लेकर विवाद, डंडों से पीटने का आरोप
गायत्री शर्मा का आरोप है कि पड़ोसी राजकुमार सहित कुछ अन्य लोग कुत्तों को खाना खिलाने का विरोध करते हैं। उन्हें कई बार कॉलोनी से बाहर फेंक चुके हैं लेकिन वे दोबारा आ जाते हैं। पिछले दिनों नगर निगम की टीम पांचों कुत्तों को ले गई थी और नसबंदी करने के बाद छोड़ गए। इसके बाद भी पड़ोसी कुत्तों को कॉलोनी में रहने नहीं दे रहे हैं कुत्तों के मल करने पर उन्हें पीटते हैं। 20 जुलाई को विवाद होने पर राजकुमार ने उनके घर में घुसकर मारपीट की। थाना सिकंदरा प्रभारी आनंद कुमार शाही का कहना है कि पशु क्रूरता अधिनियम और घर में घुसकर मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना के बाद कार्रवाई की जाएगी।