आगरालीक्स ….आगरा में गर्भवती का गर्भपात कराने के साथ कर दी नसबंदी, तीन डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
आगरा के दक्षिण रेलवे कॉलोनी निवासी आरपीएफ में जवान योगेश बघेल की पत्नी निर्मला बघेल का गर्भवती होने पर फातिमा हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाए हैं कि निर्मला बघेल गर्भवती थी और तबीयत खराब चल रही थी। उन्होंने आगरा मंडल के रेलवे हॉस्पिटल में दिखाया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि गर्भस्थ शिशु की धड़कन नहीं चल रही है और जान को खतरा हो सकता है।

17 मार्च को करा दिया गर्भपात
निर्मला बघेल को 17 मार्च को रेलवे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। आरोप है कि डॉ. संगीता मल्होत्रा, डॉ. एसके सिंह और डॉ. मनीष मदान ने गर्भपात के लिए आपरेशन किया, निर्मला बघेल का आरोप है कि आपरेशन करने से पहले उनके पति से 25 हजार रुपये मांगे गए उन्होंने रुपये नहीं दिए।
गर्भपात के बाद दर्द होने पर बताया कर दी नसबंदी
गर्भपात के बाद निर्मला बघेल को दर्द की समस्या होने पर डॉक्टरों से बात की। उन्होंने बताया कि नसबंदी कर दी है। इससे उनके होश उड़ गए। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सदर के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र दहिया का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है, साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।