आगरालीक्स…आगरा में जरा सी बात पर हो गई फायरिंग. भरे बाजार में मच गई अफरातफरी और फैल गई दहशत. जानें क्या था मामला
आगरा के थाना सदर अंतर्गत राजपुर चुंगी में जरा सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग हो गई. इससे भरे बाजार में अफरातफरी मच गई और दहशत फैल गई. गोली एक दुकानदार ने चलाई थी जिसका विवाद महिलाओं से हुआ था और वो भी दुकान के सामने आटो खड़ा करने को लेकर. पुलिस ने आरोपी की बंदूक जब्त कर ली है. फायरिंग का अरोपी दुकानदार फरार है.
कल रात का है मामला
घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है. पुलिस के अनुसार राजपुर चुंगी पन्ना सिनेमाहॉल के सामने सुधीर उपाध्याय की आटो मोबाइल की दुकान है. उनकी दुकान के सामने एक आटो खड़ा था जिसमें कुछ महिलाएं बैठी हुई थीं. दुकानदार ने आटो चालक से दुकान के सामने से आटो हटाने के लिए कहा लेकिन चालक ने आटो नहीं हटाया.इसको लेकर आटो चालक और दुकानदार में विवादभी हो गया.
आरोप ये भी है कि आटो में बैठी महिलाओं ने भी दुकानदार की इस बात का विरोध किया और ये विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी. लोगों की भी भीड़ जुट गई. दुकानदार वहां से भागकर अपने घर गया और अपनी लाइसेंसी राइफल निकाल लाया और उसने यहां फायरिंग कर दी. इससे भगदड़ मच गई. बाजार में अफरातफरी फैल गई. फायरिंग की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. आरोपी दुकानदार फरार हो गया है. पुलिस ने बंदूक और चलाया गया खोखा बरामद किया है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.