आगरालीक्स…आगरा के नगला बूढ़ी में कार एक्सीडेंट करने वाला कौन. जानें उसका प्रोफाइल. किस तरह हुआ हादसा, कैसे चली गईं पांच लोगों की जान
आगरा के थाना न्यू आगरा अंतर्गत नगला बूढ़ी में शुक्रवार रात को हुए दर्दनाक कार एक्सीडेंट में पांच लोगों की मौत हो गई. दयालबाग से आ रही तेज रफ्तार नेक्सन कार ने एक के बाद एक तीन टक्कर मारी जिसमें सात लोगों को चपेट में लिया. हादसे में पांच लोगों की जिंदगी खत्म हो गई. जबकि दो की हालत गंभीर है.
कार चालक का प्रोफाइल
पुलिस के अनुसार इस दर्दनाक एक्सीडेंट को अंजाम देने वाला कार चालक का नाम अंशुल गुप्ता है जो कि दयालबाग का ही रहने वाला है. अंशुल नोएडा में स्थित एक कंपनी में पेशे से इंजीनियर है. एक्सीडेंट के बाद लोगों ने कार चालक अंशुल को पकड़ लिया और उसे कार से निकालकर बुरी तरह से पीट डाला. बवाल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और किसी तरह भीड़ में से पुलिस ने अंशुल को बचाया और थाने लेकर आई.
किस तरह हुआ हादसा
घटना रात लगभग साढ़े आठ बजे की है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दयालबाग सौ फुटा से एक नेक्सन कार तेज रफ्तार में आ रही थी. जतिन रिसॉर्ट के पास उसने सबसे पहले आनलाइन शॉपिंग के डिलीवरी बॉय भानुप्रताप को टक्कर मारी. टक्कर इतनी तेज थी कि डिलीवरी बॉय बाइक से उछलकर दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस एक्सीडेंट से घबराए अंशुल ने कार को रोकने की जगह तेज रफ्तार से कार को और दौड़ा दिया. आगे शराब ठेके के पास भीड़ थी. अंशुल ने स्पीड से कार को चलाकर यहां भी चार लोगों को रौंद दिया जिसमें बबली, उसका बेटा गोलू, कमल और उसके दोस्त कृष था. हादसे में बबली, कमल और कृष की मौत हो गई.
दो टक्कर मारने के बाद भी कार चला रहा अंशुल नहीं थमा और उसने कार को रोकने की जगह स्पीड और बढ़ा दी. इससे कार अनियंत्रित हो गई और कार डिवाइडर से टकराकर तीन बार पलटी खाते हुए वहां बैठे लोगों पर गिरी. जिस जगह कार गिरी उसके सामने कालीचरण नाम के व्यक्ति का घर था.कालीचरण के पिता की एक दिन पहले ही मौत हुई थी. रिश्तेदार व पड़ोसी घर के बाहर बैठे थे. यहां बंटेश नाम के युवक की भी कार की टक्कर से मौत हो गई. कार के पलटने के बाद लोगों ने कार चालक अंशुल को पकड़ लिया और उसे बाहर निकालकर बुरी तरह से पीट डाला.