आगरालीक्स…आगरा के यमुना किनारों पर बाढ़ का अलर्ट. दयालबाग, बल्केश्वर में बाढ़ क्षेत्रों को देखने पहुंचे डीएम. बाढ़ चौकियां और आश्रय गृह बनाएं. दिए ये आदेश
जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल द्वारा आज शाम को दयाल बाग, राजश्री गार्डन, अमर विहार, बल्केश्वर जैसे यमुना डूब क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ संभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी सबसे पहले दयाल बाग के राजश्री गार्डन पहुंचे जहां दीवार से लगकर यमुना जल प्रवाहित हो रहा है वहां से लोगों को निकालने के निर्देश दिए, जिलाधिकारी ने इसके बाद चौ.बीरी सिंह कॉलेज में बनाए गए आश्रय गृह का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने अमर विहार बाढ़ चौकी का निरीक्षण किया तथा जरूरी निर्देश दिए, यमुना से लगे डूब क्षेत्र को देखा और क्षेत्रीय लोगों से बात की।

इसके बाद डीए ने बल्केश्वर आईटीआई कॉलेज में बने आश्रय गृह तथा बल्केश्वर घाट पर पहुंचकर यमुना डूब क्षेत्र को देखा। वहां बताया गया कि प्रशासन ने बाढ़ चौकी की स्थापना की है तथा लाइफ जैकेट का वितरण किया गया है एवं प्रशासन द्वारा मुनादी करा के लोगों को बाढ़ से बचाव संबंधी जानकारी दी गई है। अधिकारियों को गोताखोर व नाविकों की टीम तैनात करने, बाढ़ चौकी पर समस्त व्यवस्था करने, जलस्तर बढ़ने की अद्यतन जानकारी संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को देने, स्वास्थ्य विभाग द्वारा संभावित बाढ़ क्षेत्र में वाटर प्यूरीफायर टैबलेट,ओआरएस ,बुखार तथा अन्य दवाइयों का वितरण व कैंप स्थापित करने तथा बाढ़ से निपटने की समस्त तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लगातार क्षेत्र भ्रमण करते रहें। जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि यमुना का जल स्तर लागतार बढ़ रहा है ,प्रशासन द्वारा सतर्कता बरती जा रही है। निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी( वि/रा)श्री यशवर्धन श्रीवास्तव, एसडीएम सदर श्री परीक्षित खटाना, तहसीलदार सदर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
