आगरालीक्स…आगरा में फुटपाथ पर कब्जे, स्कूली बच्चे चल रहे बीच सड़क पर.
ये फोटो देख रहे हैं आप, ये है वजीरपुरा रोड से पालीवाल पार्क को जाने वाला रोड. वजीरपुरा वो इलाका है जहां कई सारे स्कूल हैं. हजारों बच्चे इसी रोड से निकलकर पढ़ने के लिए जाते हैं. इनमें से कई बच्चे तो ऐसे हैं जो कि पैदल ही इस रोड से निकलते हैं लेकिन वजीरपुरा हो या फिर पालीवाल पार्क को जाने वाला रोड, यहां के फुटपाथ पर कब्जा हो रखा है. फड़ लगाने वाले दुकानदार हों या फिर फूड स्टॉल्स लगाने वाले सबकुछ फुटपाथ पर ही रखकर बेचा जाता है. यहां तक कि जूते की दुकानें भी फुटपाथ पर सजी हुई हैं.
इस अतिक्रमण और कब्जे के कारण लोगों के लिए फुटपाथ पर चलना बिल्कुल भी नहीं हो पाता है. सबसे ज्यादा तो यहां से दोपहर के समय बच्चे निकलते हैं लेकिन फुटपाथ पर कब्जे होने के कारण बच्चे सड़क किनारे होकर चलते हैं. बच्चों का ग्रुप अगर साथ हो तो वह बीच सड़क तक आ जाता है. ऐसे में वाहन चालकों को भी परेशानी होती है. लेकिन इस ओर न तो नगर निगम का ध्यान है और न ही प्रशासन का.

वैसे देखा जाए तो ये हाल केवल इसी मार्ग का नहीं है, आगरा के मुख्य बाजार हों या फिर मुख्य मार्ग, लगभग हर जगह फुटपाथों पर दुकानदारों का कब्जा है. फुटपाथों को घेरकर उनपर सामान रखा जाता है जिसे देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि नगर निगम ने फुटपाथ आमजन के लिए नहीं बल्कि दुकानदारों के लिए बनाया है. क्योंकि फुटपाथों पर हो रखे कब्जे और अतिक्रमण के कारण आमजन को इसका कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है.
हाइवे के सर्विस रोड पर भी अतिक्रमण
कुछ ऐसा ही हाल हाइवे पर भी है. यहां सर्विस रोड पर भी अतिक्रमण हो रखा है. गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास छोटी गाड़ियों से लेकर बड़ी गाड़ियां तक सर्विस रोड पर खड़ी रहती हैं.
