आगरालीक्स…शादी होते ही दुल्हन को लेकर दाऊजी मंदिर पहुंचा दूल्हा. हेलीकॉप्टर से परिक्रमा कर मंदिर पर कराई फूलों की वर्षा
मथुरा के बलदेव में श्रीदाऊजी महाराज मंदिर में नवविवाहित जोड़े ने शादी के बाद दर्शन किए. दर्शन से पहले दाऊजी मंदिर के ऊपर हेलीकॉप्टर से परिक्रमा करते हुए फूलों की वर्षा की. इसके बाद श्रीदाऊजी महाराज और रेवती मैया के दर्शन किए. नविवाहित जोड़े को देखने के लिए लोगों की भीड़ भी उमड़ पड़ी
आगरा के ककरैंठा में बनवारीलाल यादव रहते हैं. उनके श्रीदाऊजी महाराज में विशेष आस्था है. एक दिन पहले उनके नाती सूर्यांश यादव की शादी आगरा में साधना के साथ हुई थी. बनवारीलाल की इच्छा थी कि सबसे पहले नाती सूर्यांश और उनकी नतबहू साधना श्रीदाऊजी महाराज मंदिर पर फूलों की वर्षा कर श्रीदाऊजी महाराज के दर्शन करें और फिर बाद में आगरा आएं.
इसके लिए विशेष रूप से हेलीकॉप्टर को किराये पर लिया गया. नवविवाहित जोड़े ने हेलीकॉप्टर से श्रीदाऊजी महाराज मंदिर पर फूलों की वर्षा की. हेलीकॉप्टर से चार पांच चक्कर मंदिर के ऊपर लगाकर पुष्प वर्षा की गई. फिर उसके बाद मंदिर में भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया.