आगरालीक्स…आगरा में फतेहपुर सीकरी के चार लोगों की एक साथ जली चिता तो रोया पूरा गांव. मिट्टी की ढाय में गिरकर दब गए थे सभी
आगरा के फतेहपुर सीकरी के चार लोगों की मिट्टी की ढाय में दबने से रविवार को मौत हो गई. सभी अन्य लोगों के साथ राजस्थान बार्डर पर स्थित एक गांव में मिट्टी लेने के लिए गए थे लेकिन मिट्टी की ढाय उन पर गिर गई जिसमें सभी दब गए. रेस्क्यू कर सभी को निकाला गया तो इनमें तीन महिलाएं और एक युवक की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हुए हैं. रविवार शाम को सभी के शव गांव उत्तू पहुंचे तो कोहराम मच गया. शवों को देखकर महिलाएं बेसुध हो गईं. गांव में मातम पसरा हुआ है. सभी की चिताएं एक साथ जलाई गईं.आगरा के फतेहपुर सीरकी क्षेत्र में चंबल परियोजना के तहत राजस्थान और यूपी की सीमा पर 10 फीट गहरी पाइप लाइन खोदी जा रही है. रविवार को फतेहपुर सीकरी के गांव उत्तू के ग्रामीण राजस्थान बार्डर पर लगने वाले गांव दौलतपुर में पाइप लाइन खोदाई में निकली पीली मिट्टी को लेने के लिए गए थे, 10 फीट गहरे गड्ढे के अंदर घुसकर उसके नीचे से महिला, पुरुष और बच्चे पीली मिट्टी निकाल रहे थे.
मिट्टी की ढाय गिरने से दबेइसी दौरान मिट्टी की ढाय गिर गई, इसमें एक दर्जन महिला पुरुष और बच्चे फंस गए, चीख पुकार मचने पर बड़ी संख्या में गांव से लोग आ गए और बचाव कार्य में लग गए. लोगों ने मिट्टी हटाकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया, बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई. सूचना पर अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. सभी दबे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया.
हादसे में 4 की मौत
मिट्टी के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया. हादसेमें तीन महिलाएं और एक युवक की मौत हो गई. अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मरने वालों की पहचान 45 वर्षीय विमला पत्नी श्रीपति, 24 वर्षीय अनुकूल पुत्र विजेंद्र सिंह, विनोद पत्नी मुंशी और 25 साल की योगेश पत्नी अमित के रूप में हुई है.