आगरालीक्स ….आगरा में आज राज्यपाल, डॉ. आंबेडकर विवि की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल आ जाएंगी, दो दिन तक आगरा में रहेंगी। दीक्षांत समारोह में मेधावियों को पदकों से सम्मानित करेंगी।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदी बेन पटेल करेंगी। पांच मार्च को होने वाले दीक्षांत समारोह के लिए वह सोमवार को दोपहर 1.40 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद 1.45 पर डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के खंदारी परिसर स्थित गेस्ट हाउस पहुंचेंगी। शाम पांच बजे से 5.30 बजे तक जिलाधिकारी के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद 5.30 बजे से 6.30 बजे तक विवि अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। पांच मार्च को 11 बजे से 1.15 बजे तक दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करेंगी। वहीं दोपहर 1.45 बजे से 2.45 बजे तक आंगनबाड़ी किट वितरित करेंगी। इसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगी।
मेधावियों को दिए जाएंगे 120 पदक
आयोजन में मेधावियों विद्यालयों को 120 पदक दिए जाएंगे। इनमें से 105 स्वर्ण और 15 रजत पदक होंगे। छात्राओं ने कुल 91 पदक प्राप्त किए हैं, जो 75.6 प्रतिशत है। इनमें से 78 स्वर्ण और 13 रजत हैं। वहीं छात्रों को कुल 29 पदक मिलेंगे, जो 24.4 प्रतिशत हैं। इनमें से 27 स्वर्ण और दो रजत पदक हैं।
इसमें 1,36,833 छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की जाएंगी। 97 पीएच. डी. और चार डी. लिट. उपाधि भी दी जाएंगी। उपाधियां डिजिलॉकर में अपलोड कर दी गई हैं।
इसके साथ 30 आंगनबाडी किट, 30 प्राथमिक विद्यालय के छात्रों को शिक्षण सामग्री के साथ 105 महिला टी.बी. मरीजों को पोषण पोटली वितरित की जाएगी। विश्वविद्यालय सामुदायिक रेडियो के माध्यम से सभी शिक्षक व कर्मचारी द्वारा इन्हें गोद लिया गया है। ट्रान्सजेंडर सेल का गठन किया गया है।