आगरालीक्स …..आगरा के राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर चक्कर खाकर चलती ट्रेन के पहियों के नीचे आकर हुई जीआरपी के सिपाही की मौत, पोस्टमार्टम में मौत का कारण आया सामने।

26 मार्च को आगरा के राजा की मंडी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर रात में डयूटी कर रहे जीआरपी सिपाही रिंगल सिंह को चक्कर आने लगे थे, वे प्लेटफार्म पर चार बार चक्कर खाने के बाद रेलवे ट्रैक पर गिरे, उसी समय मालगाड़ी गुजर रही थी। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया, वहां इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई
इंस्पेक्टर जीआरपी कैंट देवेंद्र कुमार द्विवेदी का मीडिया से कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, सिपाही रिंगल सिंह के सिर में चोट लगने से अत्यधिक रक्त बहने के कारण शॉक और हेमरेज मौत का कारण सामने आया है। उधर, रिंगल सिंह बिजनौर के जालपुर गांव के रहने वाले थे। पत्नी चारू के साथ ही पांच साल और एक महीने की बेटी है, पत्नी और बच्चे गांव में रह रहे थे।
हो सकता है इसलिए आए थे चक्कर
रिंगल सिंह के पिता सोपाल सिंह ने बताया कि मई 2019 में रिंगल सिंह की बाइक सामने से आ रहे बाइक सवार से टकरा गई थी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई थी और रिंगल सिंह गंभीर घायल हो गए थे और सिर में चोट आई थी। दो साल तक रिंगल सिंह का इलाज चला था। न्यूरोसर्जन डॉ. आलोक गुप्ता का कहना है कि दुर्घटना में सिर में चोट लगने पर क्लॉट बन जाते हैं, इसकी दवाएं लेनी होती हैं। 10 फीसद केस में दवा बंद करने से क्लॉट बने होने से कभी भी दौरे आ सकते हैं। हो सकता है कि राजा की मंडी स्टेशन पर डयूटी के दौरान रिंगल सिंह को दौरा आया और वह चक्कर खाकर रेलवे ट्रैक पर गिर गया।