आगरालीक्स…. आगरा के एक थाने के मालखाने से डेढ़ लाख का हार गायब, हैड कांस्टेबल की पत्नी का था हार।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के आवास विकास सेक्टर सात में रहने वाले हैड कांस्टेबल विनोद कुमार के घर 13 जनवरी 2018 को चोरी हुई, इसमें हैड कांस्टेबल विनोद कुमार की पत्नी गीता का हार सहित अन्य कीमती सामान चोरी हुआ था। उन्होंने थाना जगदीशपुरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। तीन महीने बाद पुलिस ने हैड कांस्टेबल के घर से चोरी करने वाले चोरों को पकड़ लिया। चोरों से पुलिस ने हार भी बरामद कर लिया, हार की पहचान कराने के बाद फर्द पर हस्ताक्षर भी कराए थे।
कोर्ट ने हार की सुपुर्दगी के लिए दिए आदेश, थाने से भेजी रिपोर्ट हार सुपुर्दगी में नहीं दिया गया
इस मामले में वर्तमान में मथुरा के थाना जैत की नयति चौकी पर तैनात हैड कांस्टेबल विनोद कुमार ने दो सप्ताह पहले कोर्ट में हार की सुपुर्दगी के लिए प्रार्थना पत्र दिया। थाना जगदीशपुरा से रिपोर्ट भेजी गई है कि हार माल की सुपुर्दगी में उन्हें नहीं दिया गया है।
2021 में थाने के मालखाने से हुई थी चोरी
थाना जगदीशपुरा थाने के मालखाने से अक्टूबर 2021 में चोरी हुई थी, चोरी करने के आरोप में पुलिस ने सफाई कर्मी अरुण को हिरासत में लिया था, पुलिस हिरासत में अरुण की मौत होने के बाद जमकर बवाल मचा था। उस समय थाने के मालखाने से जो माल चोरी हुआ था, उसका मिलान अभी चल रहा है, प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इसलिए हार कहां गया, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है।