आगरालीक्स…आगरा के उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल में 200 से अधिक गर्भवती महिलाओं का हेल्थ चेकअप. मदर्स डे पर मिला निशुल्क परामर्श…हॉस्पिटल की 9 नर्सों को भी किया सम्मानित
मां सिर्फ एक शब्द नहीं, एक भाव है, एक अहसास है जो जीवन की शुरुआत से पहले ही जुड़ जाता है। इसी भावना को समर्पित अंतरराष्ट्रीय मदर्स डे पर उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल में सोमवार को 200 से अधिक गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। साथ ही उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निशुल्क परामर्श दिया गया। यहां मातृत्व की उम्मीद लिए आईं महिलाओं के चेहरे पर सुकून और सुरक्षा की झलक साफ दिखाई दी। रेनबो आईवीएफ की प्रबंध निदेशक एवं बांझपन विशेषज्ञ डॉ. जयदीप मल्होत्रा ने जब यह बताया कि गर्भावस्था के पांचवें महीने में शिशु करीब 5000 शब्द सुन सकता है, तो वहां मौजूद हर महिला की आंखों में एक नई चमक उभर आई। उन्होंने मातृत्व के मानसिक और भावनात्मक पक्षों को बड़े स्नेह और संवेदना से समझाया, जैसे कोई मां दूसरी मांओं से संवाद कर रही हो।अस्पताल के एमडी एवं जाने माने स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा ने कहा कि एक मां केवल एक जीवन नहीं, बल्कि पूरी पीढ़ी का आधार होती है। एक स्वस्थ मां ही स्वस्थ समाज की निर्माता है। यह बात सुनते ही सभागार तालियों से गूंज उठा। यूनिट हेड अभिषेक जैन ने सभी मेहमानों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और बताया कि अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम हमेशा मरीजों की सेवा में तत्पर रहती है। इस अवसर पर डॉ. शेमी बंसल, डॉक्टर मनप्रीत शर्मा, एचआर लवकेश गौतम समेत स्टाफ के कई सदस्य मौजूद रहे।

उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल में 9 नर्सों को सम्मान
उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल में सोमवार को विश्व नर्स दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और सेवाभाव के लिए 9 नर्सों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हॉस्पिटल के एमडी डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, रेनबो आईवीएफ की एमडी डॉ. जयदीप मल्होत्रा और वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निहारिका मल्होत्रा ने नर्सों को अवॉर्ड प्रदान किए। सम्मान पाने वालों में नीलम को 'राइजिंग स्टार', कंवलजीत कौर को 'फ्लोरेंस नाइटेंगल अवॉर्ड', गौरी कुमारी को 'बेस्ट मेडिकेशन अवॉर्ड' से नवाजा गया। इसके अलावा 'बेस्ट कस्टमर सेंट्रिक इंचार्ज', 'पवन क्वेस्ट नर्सिंग क्वालिटी चैंपियन' का खिताब भी प्रदान किया गया। शिवानी शर्मा को 'बेस्ट कॉम्पैशनिट कंट्रोल नर्स', सपना को 'क्रिटिकल केयर नर्स' और हेमेंद्र को 'बेस्ट शाइनिंग स्टार' के खिताब से सम्मानित किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने नर्सों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ होती हैं, और उनका समर्पण समाज के लिए प्रेरणादायक है।