आगरालीक्स…आगरा में तीन दिन लू का अलर्ट. 46 डिग्री सेल्सियस से पार जाएगा तापमान. अभी नहीं कम होने वाले गर्मी के तेवर कम..जानिए आज का तापमान
आगरा में गर्मी ने अपने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. दिन के समय जहां ऐसा लग रहा है कि मानो आसमान से आग बरस रही हो तो वहीं रात को भी तपिश महसूस हो रही है. पंखे, कूलर, एसी सब गर्मी के आगे फेल होते दिख रहे हैं और गर्मी है कि कम होने का नाम ही नहीं ले रही है. सुबह से ही सूरज की तेज किरणें अपनी तपिश बिखेरना शुरू कर देती हैं. दस बजे के बाद तो धूप में एक पल ठहरना भी मुश्किल हो रहा है. दोपहर के समय शहर की अधिकतर कॉलोनियां और सड़कें सूनी हो जा रही हैं. लोग दिन में घरों और आफिसों में ही अपने को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं. मजबूरी या किसी काम के कारण ही लोग दोपहर को बाहर निकल रहे हैं.

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान भी 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी से राहत की फिलहाल कोई संभावना नहीं है. आने वाले तीन दिन लू का अलर्ट है और इस दौरान तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से भी पार पहुंच सकता है.