आगरालीक्स…आगरा में डॉक्टर्स डे 40 सालों से दिव्यांगों की सेवा में जुटे डॉ. वीके गुप्ता और उनकी पत्नी भी सम्मानित. सीए दिवस पर सीए महेश अग्रवाल को भी मिला सम्मान
ब्रज डेवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी डॉक्टर्स डे एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर समाज के विशिष्ट व्यक्तित्व को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने क्षेत्र में न केवल उत्कृष्ट योगदान दिया, बल्कि समाज की सेवा को भी अपना धर्म बनाया। विकलांग सहायता संस्था, मथुरा और दिव्यांग सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट, आगरा के संस्थापक डॉ. वीके गुप्ता और उनकी पत्नी डॉ अरुणेश गुप्ता को उनके 40 वर्षों से अधिक समय से दिव्यांग जनों की सेवा और आत्मनिर्भरता के लिए किए जा रहे कार्यों हेतु सम्मानित किया गया। संस्था के सदस्यों ने उनके कावेरी कोस्तुंभ भावना एस्टेट स्थित आवास पर सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया।संरक्षक डॉ मुनीश्वर गुप्ता ने बताया कि डॉ. वीके गुप्ता एक दर्जन से अधिक संस्थाओं के माध्यम से सेवाकार्य संचालित कर रहे हैं। उनकी प्रेरणा और सेवा से हर वर्ष करीब सैकड़ों दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए संबल प्राप्त होता है। यह सेवा कार्य डॉ. वीके गुप्ता के सहयोग से संचालित हो रहा है, जो दिव्यांगों के जीवन में आत्मविश्वास और आशा की लौ जलाए हुए है।
इसी कड़ी में वरिष्ठ सीए महेश अग्रवाल को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने 1969 में सीए बनने के बाद से 56 वर्षों तक अपने पेशे के प्रति ईमानदारी, पारदर्शिता और सामाजिक उत्तरदायित्व का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। उल्लेखनीय है कि उनके परिवार के 6 सदस्य सीए हैं, जो इस क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा दे रहे हैं। ब्रज डेवलपमेंट फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि डॉ. वीके गुप्ता और सीए महेश अग्रवाल जैसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो सेवा और मूल्य आधारित जीवन के प्रतीक हैं। फाउंडेशन इनकी निःस्वार्थ साधना को नमन करता है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष सीएस अनुज अशोक, एडमिनिस्ट्रेटर राकेश सक्सेना आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।