आगरालीक्स…आगरा में खेत पर सो रहे हिस्ट्रीशीटर की हत्या. चारपाई पर खून से लथपथ मिला शव. पुलिस जांच में जुटी. हत्या के पीछे सामने आया ये बड़ा कारण
आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव कछपुरा में बुधवार रात खेत पर चारपाई डालकर सो रहे करीब 35 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर प्रेमवीर पुत्र राजवीर की धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह खेत पर पहुंचे ग्रामीण ने चारपाई पर खून से लथपथ शव पड़ा देखा तो घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव कछपुरा निवासी प्रेमवीर बुधवार शाम अपने खेत में नीम के पेड़ के नीचे चारपाई डालकर सोए थे। पुलिस के अनुसार, रात में अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उनके सिर पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे गांव का लालाराम खेत में पालेज करने के लिए पहुंचा। शौच के लिए जाते समय उसने प्रेमवीर को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पास जाकर देखने पर प्रेमवीर चारपाई पर खून से लथपथ पड़े थे। लालाराम ने ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने पर थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने जमीन संबंधी विवाद के चलते रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश के साथ ही घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से जमीन संबंधी विवाद में रंजिश के चलते हत्या की आशंका व्यक्त की गई है। मामले में तहरीर प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।