मथुरालीक्स…होमगार्ड ने रोका डीएम और एसएसपी का रास्ता. बोला—आगे नहीं जा सकते, अफसरों को बदलना पड़ गया रास्ता…अब किया जाएगा सम्मानित
मथुरा के गोवर्धन में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण करने के लिए जिलाधिकारी और एसएसपी ई रिक्शा पर सवार होकर निकले लेकिन परिक्रमा मार्ग पर बैरिकेडिंग के पास खड़े एक दरोगा ने इन्हं रोक लिया और कहा कि आगे आप ई—रिक्शा से बिल्कुल नहीं जा सकते. जाना है तो पैदल जाइए. इस पर ई रिक्शा में सवार अधिकारियों को बाद में अपना रास्ता बदलना पड़ा. होमगार्ड के इस कार्य से अफसर काफी खुश हुए हैं और होमगार्ड को सम्मानित करने के लिए कहा गया है.मामला शनिवार शाम का है. गोवर्धन में मुड़िया मेला चल रहा है. इसको लेकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं. 11 जुलाई तक चलने वाले इस मेले में हर रोज श्रद्धालुओं की संख्या परिक्रमा के लिए अधिक से अधिक पहुंच रही है. अजब मामला सामने तब आया जब शनिवार शाम को जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार अधीनस्थों के साथ ई—रिक्शा में सवार होकर गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण करने के लिए निकले. अधिकारियों का काफिला जैसे ही राधाकुंड से गोवर्धन की ओर बढ़ा, तभी रास्ते में बागड़ी प्याऊ तिराहे पर बैरियर मिल गया. यहां तैनात होमगार्ड महेंद्र सिंह ने काफिले को रोक दिया.
होमगार्ड महेंद्र सिंह ने आगे जाने से रोक दिया और कहा कि जाना है तो पैदल जाइए. इस पर अधिकारियों ने अपना परिचय दिया लेकिन होमागार्ड ने नियमों का हवाला देते हुए आगे नहीं जाने दिया. होमगार्ड ने बतताया कि परिक्रमा मार्ग में ई रिक्शा पूरी तरह से प्रतिबंधित है. होमगार्ड की इस कार्यशैली से खुश होकर अधिकारियों ने उसको सराहा और एसएसपी ने सम्मानित करने की बात कही. इसके बाद अधिकारियों ने अपना रास्ता बदल लिया.