आगरालीक्स…आगरा में नदी में डूबे लोगों की तलाश को अब आई सेना. 13 युवक डूबे, अब तक पांच की मिल चुकी है लाश. बाकी लापता
आगरा के खेरागढ़ स्थित उटंगन नदी में मूर्ति विसर्जन के बाद हुए दर्दनाक हादसे में अब दो और युवकों की लाश शुक्रवार को निकाल ली गई हैं. अभी 8 और लापता है. दोपहर को सेना भी यहां पहुंच गई है. तलाश जारी है. गुरुवार को विसर्जन के दौरान गांव कुसियापुर डूगरवाला के 14 युवक गहरे पानी में डूब गए थे. एक युवक विष्णु को उसी समय ग्रामीणों ने किसी तरह बचा लिया. इसके बाद यहां अफरातफरी मच गई. सूचना पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. डेढ़ घंटे बाद दो अन्य युवक ओमपाल और गगन के शव नदी से निकाले गए जबकि देर रात एक अन्य किशोर मनोज का शव भी मिल गया. इसके बाद शुक्रवार को दो अन्य युवकों के शव भी गोताखोरों को नदी से मिल गए हैं. अब भी आठ का पता नहीं चल सका है. नदी में उनकी तलाश की जा रही है. हादसे के बाद गांव के लोगों में कोहराम मच गया है. तलाश में पुलिस और प्रशासन के साथ एसडीआरफ भी लगी है.

आगरा के पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी स्वयं नाव से घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों, फ्लड कंपनी पीएसी टीमों और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से बड़े पैमाने पर बचाव कार्य चलाया जा रहा है. आगरा के पुलिस आयुक्त घटनास्थल पर स्थानीय नागरिकों से लगातार संवाद कर रहे हैं, उन्हें सांत्वना दे रहे हैं और राहत एवं बचाव कार्यों में लगी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं.
सेना की 50 पैरा ब्रिगेड और 411 पैरा फील्ड कंपनी की एक यूनिट को भी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए घटनास्थल पर बुलाया गया है और उनके द्वारा भी बचाव कार्य किया जा रहा है. अब तक कुल 06 लोगों को निकाला जा चुका है, जिनमें से 05 को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है और एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है.
हादसा गुरुवार दोपहर एक बजे हुआ. गांव कुसियापुर में चामड़ माता मंदिर के पास नवरात्र में मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित की गई थी. दशहरा पर मूर्ति विसर्जन के लिए गांव के 40—50 महिला पुरुष और बच्चे उटंगन नदी के पास पहुंचे. इनमें 13 युवक और एक किशोर मूर्ति को विसर्जन करने के लिए नदी में उतरे और गहने पानी में चले गए. थोड़ी देर में ही चीख पुकार मचने लगी इस पर वहां मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत सक्रियता दिखाई लेकिन एक युवक विष्णु को उन्होंने बचा लिया. उसके बाद उसे अस्पपताल में भर्ती कराया. इधर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए.
