आगरालीक्स…होली पर मिठाइयों की दुकानों पर सुबह से भीड़ लगी हुई है. घर पर बनने वाले पकवान अब बाजार से खरीदकर ला रहे लोग. आप भी बताएं और कितनी बदल गई अपनी होली…
सुबह से मिठाइयों की दुकानों पर भीड़
आगरा में आज मिठाइयों की दुकानों पर सुबह से जबर्दस्त भीड़ लगी हुई है. गुजिया और गूंजे की जबर्दस्त बिक्री हो रही है. इसके अलावा अन्य मिठाइयों की भी जमकर खरीददारी हो रही है. होली पर मिठाइयों की दुकानों पर लगी ये भीड़ बताती है कि होली अब कितनी बदल गई है. कुछ गुजरे सालों की होली देखें तो हमें याद आएगा कि किस तरह होली की तैयारियां हर घर में होली से 15 दिन पहले ही शुरू हो जाती थीं. किसी घर में पापड़ बन रहे होते थे तो किसी घर में गूंजे और गुजियां बनने की तैयारियां की जा रही होती थीं. कहीं नमकीन भी बनाई जा रही होती थी. लेकिन घर पर बनने वाले पकवान अब लोग बाजार से खरीदकर ला रहे हैं. गुजिया या गूंजे ही नहीं बल्कि नमकीन और इसके अलावा ठंडाई और नमकीन भी लोग रेडीमेड ही बाजार से लेकर आ रहे हैं.

होली मिलन समारोहों की धूम
होली में एक और चीज तेजी से देखने को मिल रही है और वो है होली मिलन समारोह. अब होली से पहले होली मिलन समारोहों को मनाने की संख्या काफी बढ़ती जा रही है. होली को लेकर अब हर समाज, हर समिति और हर संगठन पहले ही होली मिलन समारोह जरूर आयोजित करता है. हालांकि पहले होली वाले दिन ही लोग एक दूसरे के घर पर जाकर होली की शुभकामनाएं ज्यादा देना पसंद करते थे. हालांकि होली पर एक दूसरे के घर पर जाने की परंपरा अभी भी जारी है लेकिन इसमें भी तेजी से कमी आ रही है.