आगरालीक्स…आगरा की नवनिर्मित आदर्श पुलिस चौकी बल्केश्वर का लोकार्पण. लघु उद्योग भारती द्वारा बनाई गई..
सुरक्षा, सेवा और समर्पण का प्रतीक बनेगी आदर्श पुलिस चौकी− बल्केश्वर। इसी ध्येय के साथ लघु उद्योग भारती के सौजन्य से आदर्श पुलिस चौकी− बल्केश्वर का लोकार्पण किया गया। सोमवार को उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, अपर पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी, पुलिस उपायुक्त सूरज कुमार राय, लघु उद्योग भारती के प्रदेशाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल, जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता, महासचिव राजीव बंसल, कोषाध्यक्ष संजीव जैन ने नवनिर्मित आदर्श पुलिस चौकी का फीता काट और शिलापट्टिका से पर्दा हटाकर लोकार्पण किया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए अपर पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी ने कहा कि जब समाज और उद्योग जगत पुलिस के साथ इस प्रकार सहयोग करते हैं, तो हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। हम नागरिक सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पुलिस उपायुक्त सूरज कुमार राय ने कहा कि इस तरह की आधुनिक चौकियां पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाती हैं। लघु उद्योग भारती द्वारा किया गया यह योगदान समाज और प्रशासन के बीच मजबूत समन्वय का उदाहरण है।