आगरालीक्स…आगरा आएंगे जी—20 में शामिल देशों के प्रतिनिधिमंडल. 18वें जी—20 शिखर सम्मेलन को होस्ट करेगा भारत. डीएम आगरा ने की मीटिंग, दिए ये आदेश
इंडोनेशिया के बाली में 17वें जी-20 शिखर सम्मेलन में भारत को वर्ष-2023 हेतु अध्यक्षता सौंपी गई है. 01 दिसम्बर से एक वर्ष के लिये जी-20 शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता भारत करेगा, सितम्बर 2023 में नई दिल्ली में अगला जी-20 शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है. भारत को जी-20 की अध्यक्षता मिलने के बाद जी-20 देशों से सम्बन्धित विभिन्न राजनैतिक, सांस्कृतिक, आर्थिक प्रतिनिधिमण्डलों की विभिन्न गतिविधियां, गोष्ठी, बैठकों का आयोजन वर्ष भर होना प्रस्तावित है. आगरा एक प्रमुख अन्तर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल होने के कारण जी-20 देशों के प्रतिनिधिमण्डलों की विभिन्न गतिविधियों का प्रमुख केन्द्र होगा.

बैठक में जिलाधिकारी ने इस हेतु नगर-निगम, आगरा विकास प्राधिकरण, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग, लो0नि0वि0, जलकल तथा विद्युत विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने सभी ऐतिहासिक स्मारकों की मरम्मत, उनके सौन्दर्यीकरण तथा पार्किंग व्यवस्था एवं शहर की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण, मरम्मत, सौन्दर्यीकरण के कार्य तथा शहर की पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था को गुणवत्तापूर्ण व सुचारू बनाने हेतु निर्देशित किया.
जिलाधिकारी ने बताया कि जी-20 देशों के प्रतिनिधिमण्डल अपने शहर की एक अच्छी छवि लेकर जायेंगे, तभी विश्व स्तर पर हम भारत की अच्छी छवि प्रतिस्थापित कर सकेंगे. बैठक में सभी को निर्देशित करते हुए कहा कि वह समन्वय स्थापित कर पेयजल, सड़क, विद्युत, स्वच्छता इत्यादि व्यवस्थाओं का प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करना सुनिश्चित करेंगे. बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ए. मनिकन्डन, अपर जिलाधिकारी (नगर) अंजनी कुमार सिंह सहित विद्युत, लो0नि0वि0, एएसआई, एडीए, नगर-निगम, जलकल इत्यादि विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे.
जी 20 सम्मेलन में शामिल देशों की लिस्ट
भारत, अर्जेंटीना, आस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, इटली, जापान, रिपब्ल्कि आफ कोरिया, मैक्सिको, रूस, सउदी अरब, साउथ अफ्रीका, तुर्की, यूके, यूएस, यूरोपियन यूनियन