आगरालीक्स…आगरा में स्विफ्ट कार लूट की वारदात. दिल्ली से बुक कराकर लाए थे तीन व्यक्ति. अछनेरा में ड्राइवर को मारपीट कर हाथ पैर बांधकर सड़क पर फेंका…मोबाइल भी ले गए
आगरा में चालक को बंधक बनाकर कार लूटने की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है. बदमाश दिल्ली से कार बुक कराकर भरतपुर के लिए लाए थे लेकिन उन्होंने आगरा के अछनेरा में चालक को बांधकर उसे सड़क किनारे फेंक गए और उसकी कार व मोबाइल को लूट ले गए. पीड़ित चालक ने किसी तरह इसकी जानकारी एक पुजारी को दी और उसके जरिए मामला पुलिस तक पहुंचा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
नई दिल्ली से की थी बुक
नई दिल्ली के अजमेरी गेट पर तीन अज्ञात व्यक्तियों ने एक कार को बुक किया था. कार का चालक जनपद महोबा के जैतपुर तहसील कुल पहाड़ में रहने वाला राजयादव पुत्र सुरेश यादव चला रहा था. राज यादव तीनों को लेकर कार से भरतपुर के लिए रवाना हो गया. यमुना एकसप्रेस वे से होते हुए कार मथुरा से न्यू दक्षिणी बाईपास पर आकर अछनेरा से भरतपुर मार्ग पर आ गई. चिकसाना बार्डर पर पहुंचने पर कार सवारों ने गलत रास्ते पर जाने की बात कही और वापस कार अछनेरा की तरफ बैक करवा ली. शंकर कोल्ड स्टोरेज के पास उन्होंने लघुशंका के लिए कार को रुकवाया और बहाने से राजयादव को भी वहां बुला लिया. इसके बाद दो बदमाशों ने तौलिया और गमछे से राज को बांध दिया और उसके पास रखे दो मोबाइल निकाल लिए. बाद में वे राज को सड़क किनारे खेतों में पटककर कार लेकर फरार हो गए.

राज यादव ने किसी तरह अपने आप को बंधन से मुक्त किया और पास में ही स्थित एक मंदिर पर पहुंचा. यहां पुजारी को पूरी जानकारी दी और मदद मांगी. पुजारी की मदद से इसकी सूचना पीआरवी को दी गई. घटना पर पुलिस पहुंच गई. पुलिस ने राज यादव से जानकारी लेने के बाद आसपास के इलाकों में छानबीन भी की लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल सका.