आगरालीक्स…आगरा में रासायनिक खाद—बीजों से धरती की कोख बंजर हो रही है. शिविर में ढाई सौ से अधिक किसानों को जैविक खेती के बारे में दी जानकारी. किया जागरूक
हिंदुस्तान पैट्रोलियम संग हलधारी फार्म्स चला रहा जैविक खेती की मुहिम
रसायनिक खाद-बीजों के प्रयोग से उपजाऊ भूमि निरंतर बंजर हो रही है। ऐसे में जैविक खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों की इस दिशा में मदद करने के लिए हिंदुस्तान पैट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने हलधारी फार्म्स के साथ जुड़कर जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस क्रम में शुक्रवार को शमशाबाद रोड पर बरौली अहीर के निकट गुतिला में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के श्रवण फिलिंग स्टेशन पर किसान भाइयों के लिए जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर में आसपास से उपस्थित ढाई सौ से अधिक किसानों को जैविक खेती की जानकारी देते हुए बताया गया कि जैविक खेती से न उत्पादन कम होगा, न लाभ कम होगा।

हलधारी ऐप द्वारा किसानों को बीज-खाद, खेती-किसानी, सरकारी योजनाओं, मृदा परीक्षण, संतुलित खाद, सभी फसलों में लगने वाले रोग और उनके निवारण समेत जैविक खेती के बारे में समुचित जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान श्रवण फिलिंग स्टेशन पर कृषि उत्पाद आपूर्ति केंद्र का भी शुभारंभ किया गया ताकि किसानों को अच्छी फसल के लिए आवश्यक डीजल, बीज एवं खाद एक ही स्थान एचसीपीएल पेट्रोल पंप पर हमेशा उपलब्ध रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि एचपीसीएल के उत्तर मध्य अंचल के महाप्रबंधक संजय कुमार शर्मा ने रिबन काटकर कृषि उत्पाद आपूर्ति केंद्र का शुभारंभ किया। एचपीसीएल के डीजीएम आदित्य विक्रम सिंह विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित रहे। एचपीसीएल के विक्रय प्रबंधक राहुल कुमार मिश्रा ने इस अनूठी पहल को अन्य क्षेत्रीय कार्यालयों में भी शुरू करने का आश्वासन देते हुए बताया कि आगरा जनपद के विभिन्न 15 ब्लॉक में किसानों को जैविक खेती के प्रति प्रोत्साहित करने और उनको खेती में सहयोग करने के लिए इस तरह के कृषि उत्पाद केंद्र शीघ्र ही खोले जाएंगे। हलधारी फॉर्म्स के निदेशक प्रशांत पचेरीवाला ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान श्रवण फिलिंग स्टेशन के ओनर रामअवतार रमन, चमेली देवी, जैविक खेती को आगे बढ़ाने वाले लोकेश गौतम, अजय कौशल और मीडिया समन्वयक कुमार ललित भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।