आगरालीक्स…आगरा में विवि इस बार आवासीय इकाई की छात्र संख्या दोगुनी करने की तैयारियों में है. संविदा शिक्षकों के वेतन निर्धारण को लेकर भी बनी कमेटी.
शुक्रवार को कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में आवासीय इकाई के सभी विभागाध्यक्षों और निदेशकों की एक बैठक बृहस्पति भवन में संपन्न हुई, जिसमें प्रति कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा, प्रोफेसर यूसी शर्मा, प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव, प्रोफेसर अनिल वर्मा, प्रोफेसर मीनाक्षी श्रीवास्तव, प्रोफेसर प्रदीप श्रीधर, प्रोफेसर संजीव कुमार, प्रोफेसर संजय चौधरी, प्रोफेसर वीके सारस्वत, प्रोफेसर शरद उपाध्याय, प्रोफेसर अनिल गुप्ता, प्रोफेसर बीपी सिंह आदि उपस्थित रहे.

बैठक में प्रमुख रूप से निम्न बिंदुओं पर चर्चा की गई –
वेतन निर्धारण के लिए एक चार सदस्यीय समिति बनाई गई है, जिसमें प्रोफेसर वी के सारस्वत, प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव, प्रोफेसर शरद उपाध्याय और प्रोफेसर अरशद रहेंगे. समिति आवासीय इकाई के पाठ्यक्रमों की प्रकृति का निर्धारण करेगी, पाठ्यक्रम की आय-व्यय के अनुरूप उसमें नियुक्त किए जाने वाले अतिथि अथवा संविदा शिक्षकों की संख्या का निर्धारण करेगी और उनकी नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ कराएगी. कुलपति ने निर्देशित किया है कि यह चयन प्रक्रिया मई माह में पूर्ण कर ली जाए.
कुलपति जी ने बताया कि इस बार आवासीय इकाई की छात्र संख्या दोगुनी करने की तैयारियां हैं. इसके लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति के आधार पर प्रारंभ होने वाले आवासीय इकाई के पाठ्यक्रमों में प्रोजेक्ट वर्क , फील्ड वर्क , इंटर्नशिप , ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट प्लेसमेंट आदि पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाएगा. यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पाठ्यक्रम समाप्त होते ही विद्यार्थी को रोजगार भी प्राप्त हो जाए.
आगामी सत्र से राष्ट्रीय शिक्षा नीति के आधार पर प्रारंभ होने वाले स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई. लगभग सभी विभागाध्यक्षों और निदेशकों द्वारा अवगत कराया गया कि उन्होंने इस संबंध में अपनी विभागीय अध्ययन समिति से प्रस्ताव पारित कराकर शैक्षिक विभाग में भेज दिए हैं.
शेष प्रस्ताव सोमवार तक प्रेषित कर दिए जाएंगे ।
प्रवेश समिति, परीक्षा समिति, वित्त समिति और विद्या परिषद की बैठकें जून के प्रथम सप्ताह में संपन्न करा दी जाएंगी.