आगरालीक्स…आगरा में 62 महिलाओं की शिकायतों पर तुंरत एक्शन के निर्देश. राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने की महिला जनसुनवाई. घरेलू हिंसा और मारपीट के मामलों पर जताई नाराजगी. अधिकारियों को दिए ये निर्देश
अध्यक्ष राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान जी द्वारा सर्किट हाउस में जनसुनवाई की गई. जनसुनवाई के समय कुल 62 महिलाओं द्वारा अपनी शिकायत दर्ज कराई गई इसके संबंध में तुरंत प्रभावी कार्रवाई करते हुए संबंधित को अध्यक्ष राज महिला आयोग द्वारा उसके निस्तारण का निर्देश प्रदान कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए. बैठक में अध्यक्ष द्वारा संबंधित अधिकारियों को सभी थानों में, महिलाओं व बालिकाओं के कल्याण संबंधी योजनाओं व संबंधित विभाग के अधिकारी के फोन नंबर की जानकारी उपलब्ध कराने, पीड़ित महिला को पात्रता के आधार पर मौके पर ही शीघ्रता से सरकार की विभिन्न स्कीम का लाभ दिलाने के निर्देश दिए, पुलिस द्वारा अपराध पीड़ित महिलाओं को लीगल एड, पुलिस सहायता,साइकोलॉजीकल एड आदि की जानकारी प्रदान की जाए. पुलिस विभाग तथा अन्य विभागों द्वारा महिला अपराध संबंधी प्रकरणों तथा पारिवारिक लाभ योजनाओं से पात्र गरीब, निराश्रित,जरूरतमंद महिलाओं को लाभान्वित न करने व त्वरित प्रभावी कार्यवाही न करने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा कहा कि सरकार पात्र गरीब, निराश्रित महिलाओं को पेंशन,आवास, शौचालय आदि योजनाओं से लाभान्वित करने हेतु कार्य कर रही है अधिकारी भी संवेदनशीलता से प्रभावी कार्यवाही करें. महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जनपद में 2982 आंगनवाड़ी केन्द्र संचालित हैं तथा 08 से 22 अप्रैल तक ब्लॉक व पंचायत स्तर व आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है, अध्यक्ष द्वारा पोषण पखवाड़ा संबंधी संचालित कार्यक्रम तथा गतिविधियों संबंधी रिपोर्ट व फोटो तलब करने पर वह कोई जानकारी नहीं दे सके,विगत बैठक में चाही गई जानकारी की रिपोर्ट भी प्रेषित न किए जाने पर कड़ी फटकार लगाई तथा ससमय रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए. माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा की तथा निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में छात्र छात्राओं हेतु अलग अलग शौचालय निर्माण,गया है, सभी 40 जीआईसी में छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण,आत्मनिर्भरता, रोजगार हेतु कैरियर गाइडेंस,सेमिनार भी आयोजित करें. अध्यक्ष द्वारा शौचालयों में साफ सफाई की स्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई तथा निर्देश दिए कि सभी बंद पड़े शौचालयों को खोला जाए तथा उच्चस्तरीय साफ सफाई सुनिश्चित किया जाए,सभी में सेनेटरी नेपकिन वेंडिंग मशीन अनिवार्य रूप से लगाई जाएं.बैठक में जिला पंचायतराज विभाग की समीक्षा की गई जिसमें बताया गया कि जनपद में 276 ग्राम प्रधान महिलाएं हैं. सख्त निर्देश दिए कि बैठकों में किसी भी महिला प्रधान की जगह उनके पति या अन्य निकट संबंधी को बैठने की अनुमति ना देने को निर्देशित किया गया था लेकिन अभी भी विभिन्न बैठकों में करीबी संबंधियों की उपस्थित की शिकायतें मिली हैं. उन्होंने इस पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए. सभी महिला ग्रामप्रधानों, महिला पार्षद , आंगनवाड़ी,जिला पंचायत सदस्य आदि का जनपद स्तर पर सेमिनार या वर्कशॉप आयोजित कर उन्हें सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं की जानकारी देने तथा प्रशिक्षण दिलाए जाने हेतु कार्यक्रम की रूपरेखा बनाने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए.