आगरालीक्स…आगरा में ताजमहल देखने का क्रेज क्या पर्यटकों में कम हो रहा है..क्योंकि पर्यटक ताज की जगह यूपी के इन शहरों में सबसे ज्यादा जा रहे हैं. आंकड़े देखेंगे तो चौंक जाएंगे
ताजमहल विश्व की सबसे खूबसूरत स्मारकों में एक है. इसे देखने के लिए देश—विदेश से हजारों पर्यटक आगरा आते हैं. घरेलू पर्यटकों की संख्या भी बहुत अधिक है. देश के कोने—कोने से लोग एक बार ताजमहल का दीदार करना चाहते हैं, लेकिन अगर पिछले छह महीने के आंकड़े देखेंगे तो आप चौंक जाएंगे, क्योंकि अब पर्यटक ताज देखने के लिए आगरा नहीं बल्कि यूपी के पांच शहरों में सबसे ज्यादा जा रहे हैं. इनमें आगरा का पड़ोसी जिला मथुरा भी शामिल है. उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की इस साल की रिपोर्ट में आगरा घरेलू पर्यटकों के पायदान में लुढ़ककर छठवें नंबर पर पहुंच गया है. आंकड़ों के अनुसार आगरा से ज्यादा पर्यटक तो अब झांसी में जा रहे हैं.

इन शहरों में सबसे ज्यादा पर्यटक पहुंचे
वाराणसी — 7.16 करोड़
मथुरा — 6.52 करोड़
प्रयागराज — 2.60 करोड़
अयोध्या — 2.39 करोड़
झांसी — 1.65 करोड़
आगरा — 1.01 करोड़
शहर की छवि धूमिल कर रहे ये काम
ताजमहल के कारण आगरा विश्व विख्यात है, लेकिन यहां आने वाले पर्यटकों के साथ जैसा व्यवहार किया जाता है वह आगरा की ख्याति को झटका देता हे. सैलानियों के साथ बदसलूकी, झीनाझपटी, ठगी आदि ऐसे मामले हैं जिसका अनुभव आगरा आने वाला हर सैलानी कर रहा है. ताज के पास लपकों, हॉकरों, अवैध गाइडों और आॅटो रिक्शा चालकों का पर्यटकों के साथ कैसा व्यवहार किया जाता है, यह किसी से छुपा नहीं है.