आगरालीक्स…आगरा की पॉश कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात. बंद घर के ताले तोड़कर लाखों की ज्वैलरी चोरी कर ले गए चोर. देखें वीडियो
आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है. यहां पुष्पांजलि आशियाना के पार्क एवेन्यू में रहने वाले रिषभ शर्मा के मकान को चोरों ने निशाना बनाया है. चोर घर के अंदर से लाखों रुपये की गहने चोरी कर ले गए हैं. घर के सदस्य आठ दिन से बाहर गए हुए थे. सोमवार को जब वे वापस लौटे तो चोरी की जानकारी हुई. थाना सिकंदरा पुलिस को सूचना दी गई है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की है.
8 दिन से बंद था मकान
पुष्पांजलि आशियाना पार्क एवेन्यू में मकान नंबर 103 में रिषभ शर्मा रहते हैं. रिषभ शर्मा के अनुसार वह 13 अगस्त को अपनी पत्नी के साथ शहर से बाहर किसी काम से गए हुए थे. घर पर वे ताला लगा गए थे और इसकी चाबी पड़ोस में रहने वाले अपने ताऊजी को दे गए थे. सोमवार को जब वे वापस लौटे तो उन्होंने पड़ोस से चाबी लेकर दरवाजा खोला लेकिन अंदर जाकर देखा तो उन्के होश उड़ गए. कमरों में सामान बिखरा हुआ था. सारी अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और उनका सामान बाहर पड़ा हुआ था.
रिषभ शर्मा के अनुसार चोर उनके घर के अंदर से 6.80 लाख की ज्वेलरी के साथ ही कीमती कपड़े, पुराने फोन, लेडीज हैंड बैग साहित सामान चोरी कर ले गए हैं. रिषभ शर्मा ने इसकी जानकारी थाना सिकंदरा पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.