आगरालीक्स…पेड़ घटे तो सांसें घुटेंगी, हर इंसान लगाए पौधे. आगरा में लायंस क्लब प्रयास ने राजकीय उद्यान संजय प्लेस में पार्क और पौधों के संरक्षण-संवर्धन का बीड़ा उठाया
पेड़ों की तेजी से गिरती संख्या पर लायंस क्लब आगरा प्रयास ने चिंता जताई है। इसी के तहत पार्कों के संरक्षण और पौधारोपण अभियान को गति दी जा रही है। लायंस क्लब प्रयास द्वारा राजकीय उद्यान संजय प्लेस का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। क्लब यहां मुख्य द्वार के साथ ही एक अन्य द्वार का निर्माण करा रहा है ताकि पशुओं, असमाजिक तत्वों के प्रवेश को रोका जा सके। इसके अलावा पार्क के संरक्षण और पौधों के संवर्धन का कार्य भी किया जा रहा है। सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आकांक्षा समिति कीं अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त आगरा अमित गुप्ता कीं धर्मपत्नी डाॅ. प्रीति गुप्ता ने कहा कि आज भारत में प्रति व्यक्ति 28 पेड़ हैं। यह चिंताजनक है। ऐसे में हर व्यक्ति को अपने पूरे जीवन में कम से कम 28 पेड़ तो लगाने ही चाहिए।

लायंस क्लब डिस्ट्रिक्ट 321 की गवर्नर सुनीता बंसल ने कहा कि अगर पेड़ घटेंगे तो हमारी सांसें घुटेंगी। यही बात है जिसे ध्यान रखना है। सभी को मिलकर काम करना है। लायंस क्लब प्रयास कीं अध्यक्ष दीपाली खेत्रपाल ने कहा कि एक या कुछ व्यक्तियों के करने से कुछ नहीं होगा, हम सभी को आगे आना होगा, हर व्यक्ति को पौधे लगाने होंगे। सचिव पद्मिनी सुराना ने कहा कि कहीं भी किसी व्यक्ति को पेड़ काटते यहां तक कि पत्तियां भी तोड़ते देखो तो विरोध करो। कोषाध्यक्ष अल्पना कोचर ने कहा कि लायंस क्लब प्रयास के सेवा कार्यों में पर्यावरण संरक्षण एक महत्वपूर्ण अंग है। क्लब इस पर निरंतर कार्य कर रहा है। को-आॅर्डिनेटर अशु मित्तल ने बताया कि कुछ समय पहले तक यह स्थान डलाबघर था और लोग कूड़ा फेंकते थे।
इससे संजय प्लेस की छवि धूमिल हो रही थी, डाॅ. प्रीति गुप्ता के प्रयासों से काफी काम हुआ है। चार्टर्ड प्रेसीडेंट संजीव मित्तल और चार्टर्ड सचिव विनीत खेड़ा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। डाॅ. प्रीति गुप्ता, सुनीता बंसल, दीपाली खेत्रपाल, पद्मिनी सुराना, अल्पना कोचर, अशु मित्तल, संजीव मित्तल, विनीत खेड़ा तनुजा मांगलिक, रितेश मांगलिक, शीनू कोहली, नीतू खन्ना, मीनाक्षी मोहन, रेखा बत्रा, राकेश खेत्रपाल, संजीव सुराना, शिवांगी अग्रवाल, ईको क्लब के प्रदीप खंडेलवाल और अंकित माहेश्वरी आदि ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया।