आगरालीक्स…Agra News : आगरा में हॉस्पिटलों के बाद होटलों से बड़े ग्रुपों का करार, होटल अमर अब होटल जिंजर, होटल जेपी पैलेस अब होटल सोफिटेल लीजेंड हो जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आगरा के होटल अमर ने टाटा ग्रुप की सहायक कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड यानी आईएचसीएल से करार किया है। एक जुलाई से होटल अमर, फतेहाबाद का नाम बदल कर जिंजर हो गया है। आईएचसीएल का पहला होटल मुंबई का ताजमहल पैलेस है जिसे 1903 में खोला गया था। इसके साथ ही होटल क्लार्क शिराज की सेल्स एंड मार्केटिंग भी टाटा ग्रुप द्वारा देखी जा रही है। इससे पहले आगरा में टाटा ग्रुप का होटल ताज व्यू, फतेहाबाद रोड और शिल्पग्राम रोड पर द ताज व्यू एंड कन्वेंशन सेंटर है।
होटल जेपी पैलेस को अडानी ग्रुप ने एकोर ग्रुप को दिया
अडानी ग्रुप ने जेपी ग्रुप को टेकओवर कर लिया है। जेपी ग्रुप को टेकओवर करने के बाद अडानी ग्रुप ने आगरा में जेपी ग्रुप के होटल जेपी पैलेस का संचालन एकोर ग्रुप को दिया है, एकोर फ्रांसीसी होटल ग्रुप है। अक्टूबर में होटल जेपी पैलेस एकोर ग्रुप के होटल सोफिटेल लीजेंड के नाम से संचालित किया जाएगा।
होटल लीला पैलेस का चल रहा काम, बड़े होटल ग्रुप बड़ा रहे दायरा
आगरा में शिल्पग्राम के पास होटल लीला पैलेस का काम चल रहा है। इसके साथ ही हिल्टन ग्रुप का डबल ट्री बाई हिल्टन, मैरियट ग्रुप के होटल कोर्टियार्ड बाई मैरियट और फेयरफील्ड बाई मैरियट संचालित हो रहे हैं।
आगरा और मथुरा में होटल और हॉस्पिटल में निवेश कर रहे बड़े ग्रुप
आगरा में पार्क ग्रुप ने केपी हॉस्पिटल, यथार्थ ग्रुप ने शांतिवेद हॉस्पिटल से करार कर अपना विस्तार किया है। इसके साथ ही कई और बड़े हॉस्पिटल ग्रुप आगरा और मथुरा में विस्तार कर रहे हैं। सर्वोदय हॉस्पिटल ने मथुरा में संचालन शुरू कर दिया है।