आगरालीक्स…लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे कपल का शव चारपाई पर पड़ा मिला. बेटी ने देखा तो निकल गई चीख…आगरा रीजन का मामला
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में सोमवार सुबह एक कपल का शव चारपाई पर पड़ा मिला. दोनों दस साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. दोनों रात को एक ही चारपाई पर सोए थे. आज सुबह महिला की बेटी ने जब देखा तो उसकी चीख निकल गई. दोनों के ऊपर पंखा गिरा हुआ था. शोर सुनकर लोगोंं की भीड़ लग गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
ये है मामला
मामला जसराना के गांव कटैना हर्षा का है. यहां रहने वाली संतोषी देवी पत्नी जयप्रकाश 10 साल से दिवाकर नाम के युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी. रविवार को दोनों एक ही चारपाई पर सोए हुए थे. आज सुबह संतोषी की बेटी उन्हें जगाने को पहुंची तो दोनों की स्थिति देख उसकी चीख निकल गई. चारपाई पर दोनों के शव पड़े हुए थे और उनके ऊपर पंखा गिरा हुआ था. चीख सुनकर अन्य लोग भी वहां आ गए और इसकी सूचना पुलिस को दी गई.
सूचना पर सीओ राजवीर सिंह और थाना प्रभारी भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए. पुलिस के अनुसार पंखे में आ रहे करंट के चलते दोनों की मौत हुई है. महिला का पति जयपुर में नौकरी करता है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.