आगरालीक्स…बांके बिहारी मंदिर में उमड़ी रिकॉर्ड भीड़. प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की व्यवस्थाएं हो गई फेल, भक्तों से पट गई मंदिर जाने वाली गली….
बांके बिहारी की महिला अपरम्परार है. आसपास सहित देश विदेश के कोने—कोने से भक्त हर रोज अपने आराध्य के दर्शन को पहुंचते हैं. मंदिर के पट खुलने से पहले ही काफी संख्या में भक्तों की भीड़ पहुंच जाती है लेकिन अगर छुट्टी का दिन हो तो भक्तों का सैलाब यहां आ पहुंचता है जिसके कारण सारी व्यवस्थाएं फेल हो जाती हैं. कुछ ऐसा ही नजारा आज देखने को मिला. सोमवार को गांधी जयंती की छुट्टी होने के कारण लाखों भक्तों बांके बिहारी जी के दर्शन को वृंदावन पहुंचे. हाल ये हो गया कि पट खुलने से पहले ही हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ मंदिर के बाहर जुट गई. मंदिर को जाने वाली गली तो भक्तों से पूरी तरह से पटी हुई दिखाई दी. श्रद्धालुओं को काफी कठिनाइयों से मंदिर में प्रवेश मिला. घंटों इंतजार के बाद वह अपने आराध्य के दर्शन कर सके.
हरिनिकुंज चौराहे से विद्यापीठ चौराहा से होते हुए मंदिर की गली नंबर तीन तक भक्तों का हुजुम लग गया. यही हाल परिक्रमा मार्ग के जुगलघाट से मंदिर के गेट संख्या दो तक बने रहे. पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. स्थानीय लोग तो मानो अपने घरों में कैद होकर ही रह गए. पट खुलने से लेकर लगी भीड़ पट बंद होने तक लगी रही. कई श्रद्धालु तो दर्शन से वंचित भी रह गए जो कि शाम के समय दर्शन करने के इंतजार में आसपास ही डेरा डालकर बैठ गए.