आगरालीक्स…आगरा में 2000 का नोट सामने आते ही दुकानदारों के चेहरे पर आ रही मुस्कान. लोगों का रिएक्शन—कल से कुछ ज्यादा ही सामने आ रहा है…
आरबीआई द्वारा 2000 के नोट का प्रचलन से बाहर करने के ऐलान के साथ ही बहुत से लोगों, दुकानदारों ने इस नोट को अब लेना ही बंद कर दिया है. कई महीनों से लापता हुआ यह नोट अब अचानक से लगातार सामने आने लगा है. पेट्रोल पंप हो या फिर मार्केट में खरीददारी…लोग पेट्रोल भरवाने के बाद पंप संचालक को 2000 का नोट दिखा रहे हैं. इसी तरह बाजार में भी लोग जब शॉपिंग करने जा रहे हैं तो खरीददारी का भुगतान करने के लिए 2000 का नोट ही सबसे पहले आगे कर रहे हैं. वैसे 2000 का नोट सामने आते ही देने और लेने वाले दोनों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है और फिर उसके बाद लेने वाला धीरे से इसे लेने से इनकार कर देता है.

शहर के छोटे दुकानदारों ने पूरी तरह से इस नोट को लेना ही बंद कर दिया है. इन दुकानदारों का कहना है कि हमनें तो कई महीनों से इस नोट को देखा ही नहीं है. अगर कोई लेकर आता भी है तो खुले न होने की बात कह देते हैं. जब से आरबीआई ने इस नोट को प्रचलन से बाहर करने का निर्णय लिया है तब से 2000 का नोट कुछ ज्यादा ही सामने आ रहा है. हालांकि आरबीआई ने साफ किया है कि यह नोट पूरी तरह से वैध है और लोग इसे अपने खाते में जमा कर सकते हैं या फिर 23 मई के बाद किसी भी बैंक शाखा से एक्सचेंज भी करा सकते हैं. एक बार में 2000 के 10 नोट ही एक्सचेंज करा सकते हैं.
आरबीआई द्वारा 2000 के नोट को प्रचलन से बाहर करने के ऐलान के साथ ही बाजार से लेकर घरों तक में हड़कंप मच गया है. लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आरबीआई ने 2000 के नोट को एक्सचेंज करने का एक अच्छा खासा समय लोगों को दिया हैं. आरबीआई के निर्देशों के अनुसार आने वाली 23 मई से लोग 2000 रुपये के नोट को बैंकों में जाकर बदल सकते हैं और 30 सितंबर 2023 तक बैंकें 2000 के नोट को बदलने का काम करेंगी. एक बार में 2000 के 10 नोट ही एक्सचेंज कर सकेंगे.