आगरालीक्स…आगरा में आज शादियां ही शादियां. समय से पहले बंद हो गए बाजार.. मार्केट सूने, रेस्टोरेंट खाली. गोलगप्पे वाले भी ग्राहकों को तरसे. सड़कों पर बज रहे बैंडबाजे…
देवशयनी एकादशी से पहले आज अंतिम सहालग है. भडइया नवमी पर आज अनबूझे विवाह भी किए जाते हैं. ऐसे में आज हर जगह शादियां ही शादियां हैं. एक अनुमान के अनुसार आगरा में ही आज एक हजार शादियां हैं. शादियों का असर आगरा के बाजारों में खूब दिखाई दिया है. शहर का संजय प्लेस मार्केट हो या फिर सदर, कमला नगर हो या फिर कारगिल. सारे बाजार सूने नजर आ रहे हैं. न तो रेस्टोरेंट पर कोई कस्टमर है और न ही ठेल ढकेलों पर भीड़. यहां तक कि गोलगप्पे वाले भी आज खाली—खाली से शाम को नजर आए. आइसक्रीम वाले भी ग्राहकों का इंतजार करते हुए देखे गए. आगरा की फेमस चाट गली भी आज पिछले दिनों की अपेक्षा सूनी सी दिखाई दे रही है.
9 बजे ही बाजार हुए बंद
शादियों का असर इतना रहा कि बाजार आज रात को 9 बजे ही बंद हो गए. अमूमन यह बाजार 11 बजे के आसपास ही बंद होते हैं. देहली गेट पर सन्नाटा पसरा नजर आया. गोलगप्पे, डोसा और पिज्जा वालों ने भी अपने स्टॉल नहीं लगाए.
सड़कों पर बज रहे बैंडबाजे
अगर सड़कों पर आज किसी की रौनक है तो वो है बैंडबाजों की. एक हजार के आसपास शादियां होने के कारण आगरा के सभी मैरिज होम भी आज बुक हैं. धूमधाम से शहर में बारातें निकल रही हैं और लोग नये—नये कपड़े पहनकर शादियों में शरीक होने के लिए परिवार के साथ जा रहे हैं.