आगरालीक्स…आगरा की ऐतिहासिक रामलीला 6 सितंबर से 6 अक्टूबर तक चलेगी. जानिए कब निकलेगा मुकुट, गणेश जी की सवारी, रावण दुहाई और रामबारात. सुरक्षा को जनकपुरी में बनेगा कंट्रोल रूम. डीएम के आदेश जारी
आज जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के साथ श्री रामलीला कमेटी के साथ श्री रामलीला महोत्सव की तैयारियों हेतु समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में नगर निगम, आगरा विकास प्राधिकरण, स्वास्थ्य , जल निगम, पीडब्ल्यूडी,विद्युत विभाग,जलकल, दूरसंचार विभाग, मनोरंजन कर विभाग आदि विभागों द्वारा श्री रामलीला महोत्सव के अंतर्गत रामलीला ग्राउंड, जनकपुरी, राम बारात मार्ग तथा शोभायात्राओं के विभिन्न मार्गों पर प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया गया कि रामलीला ग्राउंड में नाले की सफाई, रैंप निर्माण , दीवार मरम्मत, शोभायात्रा मार्ग में वन विभाग द्वारा पेड़ों की छटाई, रामलीला ग्राउंड में सीढ़ियां, क्षतिग्रस्त दर्शकदीर्घा की मरम्मत, कमलानगर में रोड निर्माण, इंटरलॉकिंग कार्य, रामलीला ग्राउंड में उचित साफ सफाई, हाई मास्क लाइट मरम्मत, शोभायात्रा मार्ग में विद्युत खंभों पर प्रकाश व्यवस्था, खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत, इंटरनेट, केबल टीवी तारों को हटाने, सुचारू यातायात, आवागमन व सुरक्षा हेतु पर्याप्त पुलिस बल आदि कार्यों को किया जाना है,शोभायात्रा मार्ग,जनकपुरी, रामलीला ग्राउंड व मार्ग के बड़े नालों को ढकने, नाले,नालियों की सफाई, प्रतिदिन एंटी लार्वा फॉगिंग आदि कराए जाने की बात कही।
बताया कि 09 सितंबर से 17 सितंबर के बीच विभिन्न शोभायात्रा व राम बारात प्रस्तावित हैं, दैनिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 06 सितंबर दिन शनिवार को लाला चन्नोमल जी की बारहद्वारी मनःकामेश्वर पर गणेश पूजन व मुकुट पूजन होगा,07 सितंबर रविवार को मनःकामेश्वर नाथ जी की मुकुट सवारी,09 सितंबर को गणेश जी की सवारी का नगर भ्रमण,10 सितंबर बुधवार को रावण की दुहाई का नगर परिभ्रमण तथा 11 सितंबर को रामलीला ग्राउंड में मंचीय लीला का उद्घाटन एवं शुभारंभ तथा नारद मोह, विश्मोहिनी लीला का मंचन होगा।12 सितंबर को श्रीराम जन्मोत्सव लीला,13 सितंबर को सीता जन्मोत्सव,14 सितंबर को ताड़का बध ,पुष्प वाटिका लीला मंचन,15 सितंबर को धनुष भंजन, परशुराम संवाद,16 सितंबर को जनकपुरी निमंत्रण तथा 17 सितंबर को भगवान रामचंद्र जी की वर यात्रा जनकपुरी कमलानगर को,18 सितंबर को राम बारात का जनकपुरी में भ्रमण व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी प्रकार 06 अक्टूबर तक पुरुषोत्तम भगवान राम के जीवन से जुड़ी विभिन्न घटनाओं व स्वरूपों की विदाई तक अनवरत कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
4.68 लाख के विकास कार्यों के टेंडर
बैठक में बताया गया कि नगर निगम द्वारा 04 करोड़ 68 लाख 55 हजार के विकास कार्यों टेंडर किए गए हैं, लगभग 66 लाख से रामलीला ग्राउंड आदि में विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित हैं, मा.विधायक श्री खंडेलवाल जी ने आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा भी रामलीला महोत्सव में 02 करोड़ के विकास कार्यों को कराया जाने हेतु अनुरोध पर संबंधित द्वारा उचित आश्वासन दिया गया। जल संस्थान द्वारा बताया गया कि पाइप लाइन कार्य प्रगति पर है, शोभायात्रा मार्ग में खराब पड़े हैंडपंप की भी जल्द मरम्मत की जाएगी। जिलाधिकारी ने जनकपुरी में एक कंट्रोल रूम स्थापित कर नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, जलकल, जलनिगम, वन विभाग, फायर डिपार्टमेंट, टोरेंट,विद्युत विभाग आदि संबंधित विभागों से अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी महोदय ने अग्निशमन, दमकल, सचल शौचालय, मार्ग के गिरासू मकान, छज्जों को चिह्नित कर निशान तथा बोर्ड लगाने, विद्युत लाइन आदि की मरम्मत, उच्च स्तरीय साफसफाई सुनिश्चित करने,प्रतिदिन एंटी लार्वा छिड़काव कराने, मार्ग के प्रमुख नालों की ड्रेनेज कवर, सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग कार्य, साइड पटरी निर्माण, मार्ग में टीवी केबल, इंटरनेट के बेतरतीब तारों को हटाने, प्रकाश व्यवस्था आदि कार्य पूर्ण करने तथा रामलीला ग्राउंड व जनक पुरी के सभी प्रस्तावित कार्यों को अति शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों को शोभायात्रा मार्ग, रामलीला ग्राउंड तथा जनकपुरी स्थल का मौके पर निरीक्षण कर विकास कार्यों को ससमय पूर्ण करने को निर्देशित किया।
बैठक में विधायक व रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल, नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल, एडीए उपाध्यक्ष एम.अरूनमोली, अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान, सीएमओ डॉ अरुण श्रीवास्तव, रामलीला कमेटी महामंत्री श्री राजीव कुमार अग्रवाल जी, मुरारी प्रसाद अग्रवाल मुकेश अग्रवाल, नितिन कोहली, पंकज अग्रवाल सहित श्रीरामलीला कमेटी व जनकपुरी समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।