आगरालीक्स… आगरा में दो लाख से अधिक परिवारों के बने आयुष्मान कार्ड। निजी अस्पतालों में भी पांच लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज, हार्ट सर्जरी से लेकर अन्य सर्जरी भी फ्री।
आगरा में आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (गोल्डन कार्ड) के द्वारा 02 लाख 05 हजार 152 परिवारों के सदस्यों के गोल्डन कार्ड बन गए हैं। जिसमें से अब तक 85780 लाभार्थियों को निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध करायी गई है, जिलाधिकारी ने इस योजना में आशा और आंगनबाड़ी को भी सम्मिलित करने के निर्देश दिए तथा सीएचसी वाइज डाटा निकालकर छूटे हुए पात्र व्यक्तियों को आछादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आरोग्य मित्रों के माध्यम से अधिक से अधिक कार्ड धारकों को लाभान्वित किया जाए।
जननी सुरक्षा योजना के अन्तर्गत भुगतान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सीएचसी एत्मादपुर व खन्दौली को 15 दिन में सुधार करते हुए भुगतान कराने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का पैसा किसी भी हालत में रूकना नहीं चाहिए उसके लिए सभी एमओआईसी व्यक्तिगत रूचि लेकर जननी सुरक्षा योजना का भुगतान शत-प्रतिशत कराना सुनिश्चित करें तथा सरोजनी नायडू मेडिकल कालेज में लम्बित भुगतान हेतु सक्षम अधिकारी को नामित करते हुए जिम्मेदारी सुनिश्चित करें, ताकि लम्बित भुगतान का निस्तारण यथाशीघ्र कराया जा सके। सिजेरियन प्रसव की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्र में जहां भी सिजेरियन प्रसव हेतु डाक्टर तथा स्टाफ उपलब्ध है और आशा के अनुरूप कार्य सम्पादित नहीं किया जा रहा है, उन्हें सीएचसी बाह पर तैनात करते हुए ग्रामीणों को सिजेरियन प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।