आगरालीक्स…आगरा का मोतीगंज बाजार कल भी रहेगा बंद. खाने—पीने के सामान पर भी 5 प्रतिशत जीएसटी के विरोध में शनिवार को पूरा बाजार रहा बंद
ब्रांडेड फूड पैकेज्ड के साथ ही नॉन ब्रांडेड फूड पैकेज्ड पर 5 प्रतिशत जीएसटी के विरोध में शनिवार को मोतीगंज बाजार पूरी तरह से बंद रहा. यहां सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा. किसी भी व्यापारी ने अपनी दुकान नहीं खोली. व्यापारियों ने मांग की है कि सरकार खाद्यान्न से जीएसटी तुरंत वापस ले. इधर मोतीगंज बाजार बंद होने से फुटकर दुकान वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बता दें कि मोतीगंज बाजार में सुबह से ही ग्राहकों और व्यापारियों की हजारों की संख्या में भीड़ लगने लगती है लेकिनआज सुबह बाजार बंद होने से वहां सन्नाटा पसरा हुआ था. गल्ला मंडी की एक भी दुकान नहीं खुली.

शुक्रवार को श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के समस्त सदस्यों की आम सभा समिति कार्यालय मोतीगंज पर रमन लाल गोयल की अध्यक्षता में संपन्न हुई. इसमें केंद्र सरकार द्वारा बड़े कारपोरेट घरानों के दबाव में आटा, मैदा, सूजी, गुड़, चावल, दाल पर नॉन ब्रांडेड पर 5% जीएसटी लगाए जाने पर विरोध प्रकट किया गया. व्यापारियों द्वारा कहा गया है कि खाद्यान्न पर जीएसटी लगने के बाद आम जनता पर महंगाई की मार पड़ना तय है. इसको लेकर समस्त सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से भारत बंद के आह्वान पर 16 जुलाई दिन शनिवार को श्री मोतीगंज बाजार बंद करने का निर्णय लिया गया है और सरकार से अविलंब नॉन ब्रांडेड खाद्य वस्तुओं से लगाई जाने वाली जीएसटी के निर्णय को वापस करने की मांग की गई है.
ये चीजें महंगे होने का दावा
दही, चावल, आटा, मैदा, बेसन, मसाले, शहद, मांस और मछली (नॉन फ्रोजन), पापड़, लइया, सूखा मखाना, सूखा सोयाबीन, पनीर, लस्सी, गुड़, बटर मिल्क. 25 किलो तक अनाज, (सभी प्री पैकेज्ड के साथ लेवल लगे नॉन ब्रांडेड खाने पीने के सामान पर.)
कल भी बंद रहेगा मोतीगंज
मोतीगंज बाजाररविवार को भी बंद रहेगा. शनिवार को जहां सरकार द्वारा 5 प्रतिशत जीएसटी के विरोध में बाजार को बंद किया गया है तो वहीं रविवार को बाजार की साप्ताहिक बंदी है. ऐसे में दो दिन बाजार बंद होने से फुटकर कारोबारियों को परेशानी हो सकती है.