आगरालीक्स…आगरा से कनेक्ट हुआ बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे. पीएम मोदी ने किया उद्घाटन. दिल्ली से वाया आगरा होते हुए जा सकेंगे चित्रकूट..इतना लगेगा समय
आगरा से एक और एक्सप्रेस वे कनेक्ट हो गया है. इस एक्सप्रेस वे का नाम है बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे. लोगों को अब दिल्ली से वाया आगरा होते हुए चित्रकूट तक पहुंचना आसान हो जाएगा और समय की भी काफी बचत होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यूपी के जालौन जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का उद्घाटनकिया. इस दौरान पीएम ने एक्सप्रेस वे के लिए लोगों को बधाई भी दी. उन्होंने कहा कि जिस धरती ने अनगिनत शूरवीर पैदा किए, जहां के खून में भारत भक्ति बहती है. जहां के बेटे—बेटियों के पराक्रम और परिश्रम ने हमेशा देश का नाम रोशन किया है, उस बुंदेलखंड की धरती को आज एक्सप्रेस वे का उपहार देते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है.
यमुना एक्सप्रेस वे + आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे + बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे
दिल्ली से चित्रकूट का सफर तय करने के लिए लोगों को सबसे पहले यमुना एक्सप्रेस वे से 165 किलोमीटर दूर आगरा आना होगा और फिर यहां से आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे से कनेक्ट होकर 135 किलोमीटर दूर इटावा से बुंदलेखंड एक्सप्रेस वे से कनेक्ट होना होगा, जिसके बाद 296 किलोमीटर लंबी दूरी इस एक्सप्रेस वे से तय कर आप चित्रकूट तक आसानी से पहुंच सकते हैं. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस वे और आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस से जुड़कर यह एक्सप्रेस वे विकास में अहम भूमिका निभाएगा.
296 किमी लंबा है बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे
नवनिर्मित बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे चित्रकूट में झांसी—प्रयागराज नेशनल हाइवे संख्या 35 में भरतकूप के पास से शुरू होगा और आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर जिला इटावा में कुदरैल गांव के पास खत्म होगा. इसकी कुल लंबाई 296 किमी. होगी यह एक्सप्रेस वे चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, औरैया और इटावा जिले से होकर गुजरेगा.
ऐसे पहुंचेंगे दिल्ली से चित्रकूट
दिल्ली से ग्रेटर नोएडा होते हुए यमुना एक्सप्रेस वे का 165 किलोमीटर का सफर पूरा कर वाहन चालक आगरा पहुंच सकेंगे.
आगरापहुंचने के बाद वाहन चालकों को लखनऊ—आगरा एक्सप्रेस वे पर 135 किलोमीटर का सफर तय करना हेागा जो कि इटावा के कुदरैल् गांव के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से मिल जाएगा.
इटावा से औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा होते हुए लोग इस एक्सप्रेस वे के जरिए 296 किलोमीटर का सफर तक कर चित्रकूटर के भरतपुर के पास गोंडा गांव में एनएच 35 पर पहुंच जाएंगे.
इस तरह लोग दिल्ली से चित्रकूट तक की दूरी 11 से 12 घंटे में तय कर सकते हैं.