आगरालीक्स…आगरा में युवा कारोबारी का मर्डर. रेलवे लाइन के किनारे मिला शव. झाड़ियों में पड़ा मिला एक्टिवा….परिजनों ने जताया शक इस पर
आगरा के एक सोल कारोबारी का मर्डर किया गया है. उसका शव रेलवे लाइन के किनारे मिला है जबकि झाड़ियों में उनकी एक्टिवा मिली है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने परिजनों से भी बात की है. परिजनों ने पार्टनर पर शक जताया है.
बोदला बिचपुरी रेलवे लाइन के किनारे आज सुबह नौ बजे लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा. उसके सिर के पिछले हिस्से में चोट लगी थी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. शव की शिनाख्त घटिया आजम खां के रहने वाले 28 वर्षीय भारत के रूप में हुई जो कि सोल कारोबारी है. सूचना पर परिजन भी वहां आ गए और उन्होंने भी शव की पुष्टि भरत के रूप में की. परिजनों ने बताया कि भरत सोल की ट्रेडिंग का काम करता था. मंगलवार शाम को घर से तकादा करने को निकले थे, उन्होंने बताया कि भरत के पार्टनर ने उन्हें हिसाब किताब के लिए बिचपुरी रेलवे फाटक के पास गोदाम पर बुलाया है. देर रात तक भरत वापस नहीं लौटै. परिजनों ने फोन पर संपर्क किया तो वह स्विच आफ आ रहा था.
भरत की तलाश करते हुए परिजन आज जब गोदाम पर पहुंचे तो इसी दौरान उन्हें बोदला बिचपुरी रेलवे लाइन के किनारे एक युवक का शव पड़ा होने की जानकारी मिली. पुलिस मामले की जांच कर रही है.