आगरालीक्स…आगरा के खाटू श्याम मंदिर में मनाया नंद उत्सव. भक्तिमय माहौल् के साथ दिनभर बिखरा उल्लास.
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में रविवार को नंद उत्सव का आयोजन बड़े ही भव्य और हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भक्ति रस और आनंद में सराबोर होकर दिनभर खाटू नरेश की सेवा और दर्शन किए। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। चारों ओर रंग-बिरंगे फूलों, टॉफी, चॉकलेट और गुब्बारों की साज-सज्जा ने माहौल को और भी आकर्षक बना दिया। नंदोत्सव की परंपरा के अनुरूप पूरे दिन भक्तों को टॉफी, चॉकलेट, खिलौने और उपहार वितरित किए गए, जिससे बच्चे और बड़े सभी आनंदित होते रहे।संध्या आरती के बाद माहौल और भी भक्तिमय हो गया। जब भजनों की स्वर लहरियां मंदिर परिसर में गूंजीं तो श्रद्धालु झूम उठे। “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” जैसे भजनों ने वातावरण को कृष्णमय कर दिया।
इस अवसर पर श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि नंद उत्सव पर श्याम बाबा का विशेष शृंगार किया गया। बाबा को स्वर्ण मुकुट और कुंडल धारण कराए गए, वहीं रंग-बिरंगे फूलों, टॉफी और चॉकलेट से आकर्षक साज-सज्जा की गई। भक्तों ने लड्डू गोपाल को झूला झुलाकर भक्ति और प्रेम से उत्सव में भाग लिया। मंदिर सेवायत किशन पंडित जी ने बताया कि पूरे दिन मंदिर प्रांगण भक्ति, उल्लास और आनंद से सराबोर रहा। हर ओर “श्याम बाबा की जय” के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालु नंद उत्सव के पावन क्षणों का आनंद उठाते रहे।