आगरालीक्स…आगरा में सहस्त्र घटों से हुआ नर्मदेश्वर महादेव का अभिषेक, 1008 रुद्राक्ष वितरित, वजीरपुरा स्थित सीताराम मंदिर बना श्रद्धा का केंद्र…
सावन मास की पावनता और शिवभक्ति के भावों से ओतप्रोत वातावरण में वजीरपुरा स्थित प्राचीन श्री सीताराम मंदिर परिसर के श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में आगरा का प्रथम सहस्त्र घट महाभिषेक भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। मंत्रों के उच्चारण, श्रद्धा, नियम और भक्ति के इस ऐतिहासिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस विशेष अनुष्ठान में 1008 रुद्राक्षों का वितरण भी किया गया। पंडित अनंत उपाध्याय, मुकेश उपाध्याय और पंकज उपाध्याय के सान्निध्य और मार्गदर्शन में भक्तों ने पूरे दिन पंक्तिबद्ध होकर महादेव का घट अभिषेक किया।मंदिर महंत अनंत उपाध्याय ने सहस्त्र घट अभिषेक का महत्व बताते हुए कहा कि सहस्त्र घटों से किए गए शिव अभिषेक से न केवल वातावरण में शुद्धता आती है बल्कि मानव जीवन के कष्टों का भी निवारण होता है। यह अभिषेक देवाधिदेव महादेव को प्रसन्न करने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने बताया कि सागर मंथन में निकले विष को महादेव ने सावन मास में कंठ में धारण किया था। इसके कारण उत्पन्न हुए ताप की अग्नि को शांत करने के लिए ही भक्त महादेव का अभिषेक करते हैं।
मनीष अग्रवाल ने बताया कि घटों में भांग, धतूरा, गन्ने का रस, दूध, गंगाजल, केसर जल, गुलाब शरबत, गुलाब जल, चंदन जल, आम रस, तरबूज का रस और विभिन्न फलों का रस अर्पित किया गया। पूरे वातावरण में दिव्यता और शिवमय ऊर्जा का संचार हुआ।