मथुरालीक्स…मथुरा में मां के साथ रात को सोते समय लापता हुई 6 साल की बच्ची का शव पानी भरे गड्ढे में मिला. पुलिस ने जताई अब ये आशंका
मथुरा के कोसीकलां स्थित नंदगांव रोड पर सड़क किनारे बनी झोपड़ी में अपनी मां के साथ सोते समय लापता हुई 6 साल की उसकी बच्ची का शव पास में ही स्थित एक पानी से भरे गड्ढे में मिला है. बच्चे के अपहरण की आशंका जताई गई थी लेकिन सोमवार सुबह बच्ची की लाश मिली. पुलिस ने आशंका जताई है कि रात को शौच को जाते समय बच्ची गड्ढे में गिर गई होगी जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.रात को सोते समय हो गई थी लापता
राजस्थान के डीग के थाना कामां स्थित चील महल के नीचे पवन उर्फ परदेशी रहते हैं. वह फुटपाथ पर लोहे के तसला, प्लास्टिक के बर्तन आदि लगा कर बेचते हैं और मथुरा के कोसीकलां में नंदगांव रोड पुल के पास राजमार्ग किनारे अपनी पत्नी व बच्चों के साथ अस्थाई झोपड़ी बना कर रह रहे हैं. पवन ने बताया कि शनिवार रात को अपने अपने परिवार के साथ सोए थे. पत्नी के पास तीनों बच्चे लेटे थे. सुबह चार बजे जब उसकी पत्नी उठी तो उसे अपनी छह साल की बेटी पलक गायब मिली. बच्ची को आसपास काफी तलाश किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई. इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. आसपास के सीसीटीवी खंगाल कर बच्ची की तलाश में पुलिस लगी हुई थी.
सोमवार सुबह हिंदू इंटर कॉलेज के पास कई सालों पूर्व पीडब्ल्यूडी द्वारा खोदवाए गए एक गड्ढे में मासूम का शव उतराता दिखाई दिया. लोगों ने जब बच्ची की लाश देखी तो इसकी जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. कोसीकलां थाना प्रभारी का कहना है कि इस गड्ढे के पास घुमंतू समुदाय के बच्चे शौच के लिए जाते थे. प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि रात में जागकर मासूम पेशाब करने के लिए गड्ढेके पास आई और फिसलकर गड्ढे में गिर गई जिससे उसकी मौत हो गई. मामले की जांच की जा रही है.